मजदूरी करने आए थारू समुदाय के प्रेमी युगल ने सोमवार देर रात पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर ली। युगल श्रावस्ती के सिरसिया थाना क्षेत्र के ही मोतीपुर कला व रनियांपुर गांव के रहने वाले थे।
घटना की सूचना पर पुलिस ने लाश को पेड़ से उतार कर पोस्टमार्टम को भेजा। सिरसिया के संतलिया गांव के पास पुल निर्माण चल रहा है। यहां मोतीपुर कला व रनियापुर गांव के थारू समुदाय के मजदूर काम कर रहे थे।
इसी में रनियापुर निवासी रबीना (19) पुत्री अरविंद प्रसाद विगत पंद्रह दिनों से गांव के अन्य लोगों के साथ मजदूरी कर रही थी। दो दिन पूर्व इस गांव के बगल के मोतीपुर निवासी भानु (22) पुत्र राजकुमार भी मजदूरी करने के लिए आया था।
सोमवार रात दोनों मोबाइल पर फिल्म देख रहे थे। इस दौरान जब अन्य मजदूर सो गए तो दोनों बगल में बहने वाले डगमरा पहाड़ी नाले को पार कर कार्य स्थल से 100 मीटर दूर चले गए।
वहां भानू ने रबीना के दुपट्टे से व रबीना ने भानु के गमछे से आम के पेड़ पर चढ़ कर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी साथ काम कर रहे अन्य मजदूरों को सुबह करीब छह बजे उस समय हुई जब वह शौच के लिए नाला पार गए।