मोबाइल चोरी के शक में दबंग युवकों ने बुधवार रात कक्षा नवीं के एक छात्र की हत्या कर दी। बाजार खाला क्षेत्र में हुई इस वारदात से सनसनी फैल गई।
देर रात छात्र के परिवारीजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर ऐशबाग चौकी पर हंगामा किया। तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस बुलाई गई है। पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को पकड़ा है।
पुलिस के मुताबिक, ऐशबाग के मोहल्ला दारू गोदाम निवासी सूरज शुक्ला (16) को पड़ोस में रहने वाले मुन्नू के साले शादाब ने रात नौ बजे घर से बुलाया।
इसके बाद उसे कूड़े के ढेर के पास ले जाकर अपने भाई शकील, वकील व मुन्नू की मदद से सूरज को जमकर पीटा और चाकू से हमला कर मार डाला।
वारदात को अंजाम देने के बाद मुन्नू सूरज की शर्ट लेकर उसके घर पहुंचा और बताया कि सूरज कूड़े के ढेर पर पड़ा है। मौके पर पहुंचे पिता पप्पू शुक्ला व चाचा मनोज शुक्ला, सूरज को ट्रॉमा सेंटर ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सूरज के भाई शिवम ने पुलिस को बताया कि मोहल्ले के मुन्नू का मोबाइल दो दिन पहले चोरी हो गया था। इसे लेकर उसने मंगलवार को सूरज को धमकी भी दी थी।
उसने बताया कि मुन्नू के साले शादाब ने बुधवार रात सूरज को बहाने से बुलाकर वारदात को अंजाम दिया।
वारदात से इलाके में तनाव फैलते देख बाजार खाला, चौक, सआदतगंज व तालकटोरा थाने की पुलिस के साथ कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन देने के साथ लोगों को शांत कराया।