लखनऊ के हजरतगंज में एक निजी बैंक में काम करने वाली युवती ने अपने बॉयफ्रेंड से ब्रेकअप क्या किया, सोशल मीडिया पर उसे बदनाम करने की साजिश रच डाली गई। उसके नाम से फेसबुक आईडी बनाकर अश्लील फोटो और मैसेज पोस्ट किए गए।
परेशान युवती को फोन कॉल्स आने लगीं तब उसे पता चला। युवती ने साइबर सेल में शिकायत की। छानबीन के बाद बुधवार दोपहर पुलिस ने अलीगंज निवासी व राजधानी के एक कॉलेज से बीएससी अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहे युवक को पकड़ लिया।
साइबर सेल पहुंची युवती ने आरोपी को देखा तो हैरान रह गई। वह उसके बॉयफ्रेंड का साथी था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोस्त के अपमान का बदला लेने और युवती को बदनाम करने के लिए उसने ही फर्जी फेसबुक आईडी बनाई थी।
साजिश के पीछे परिचित का हाथ होने की जानकारी के बाद युवती ने कार्रवाई से कदम खींच लिए। आरोपी से माफी मंगवाने के बाद युवती ने मामला रफा-दफा कर दिया। हालांकि बॉयफ्रेंड ने बताया कि उसे खुद भी नहीं पता था कि दोस्त ऐसा कर सकता है।