फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा नेता की कार ने मजदूर को कुचला, मौत

Sat, 16 Apr 2016 05:32 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
भाजपा नेता की कार - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
राजभवन के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष रामलाल वर्मा की वैगन आर कार ने साइकिल सवार पुताई मजदूर राकेश यादव (35) की जान ले ली। जबकि कार बेकाबू होकर साइकिल ट्रैक के खंभों से टकराकर रुक गई। हादसे के वक्त रामलाल वर्मा कार में ही बैठे थे।
विज्ञापन


कार रुकते ही वह और उनका चालक वाहन छोड़कर भाग निकले। हजरतगंज पुलिस कार जब्त कर कोतवाली ले आई है। कार रामलाल वर्मा चला रहे थे या कोई और? इसकी छानबीन की जा रही है।

राजभवन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई गई है। वहीं, हाई सिक्योरिटी जोन में लगातार तीसरे दिन हुए हादसे से पुलिस और यातायात विभाग के अधिकारियों की भूमिका कठघरे में हैं।
विज्ञापन


हजरतगंज इंस्पेक्टर विजयमल यादव ने बताया कि राकेश यादव मूलरूप से सीतापुर के महमूदाबाद का रहने वाला था और यहां दिलकुशा गार्डन के पास एक सैन्य अधिकारी के घर पर सर्वेंट क्वार्टर में रहता था।

कार की विंड स्क्रीन पर गिरकर पहियों के नीचे आ गया

- फोटो : amar ujala
वह एक निजी सिक्योरिटी कंपनी में गार्ड था लेकिन, कुछ दिन पहले किसी वजह से नौकरी छूट गई। इसके बाद से वह पुताई का काम कर रहा था। सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह काम के सिलसिले में साइकिल से निकला था।

राजभवन के पास नाले के पुल पर पहुंचते ही पीछे से आई सफेद रंग की तेज रफ्तार वैगन आर कार ने उसे टक्कर मार दी। राकेश उछलकर कार की ड्राइविंग सीट के सामने विंड स्क्रीन पर ही गिरकर पहियों के नीचे आ गया।

उधर, हादसे से कार बेकाबू हो गई और पुल की बाउंड्रीवॉल से रगड़ती हुई साइकिल ट्रैक के खंभों से टकराकर रुक गई। आगे का बायां पहिया पंक्चर हो गया। कार सवार दो लोग तेजी से उतरकर भाग गए। सूचना मिलने के तत्काल बाद पुलिस पहुंची और आसपास के लोगों की उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इंस्पेक्टर ने कहा कि कार सवार भाजपा नेता और ड्राइवर मौके से भाग गए। उनकी तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद परिवारीजन शव लेकर गांव रवाना हो गए। मामले में अभी किसी ने एफआईआर दर्ज नहीं कराई है।
विज्ञापन

पत्नी करती है घरों में काम, घर की हालत है खराब

सिविल अस्पताल के बाहर मौजूद मजदूर के परिजन - फोटो : amar ujala
राकेश यहां पत्नी ललिता और ढाई साल के बेटे पार्थ व दस महीने की बेटी किट्टू के साथ रहता था। नौकरी छूटने के बाद से उसके परिवार की आर्थिक स्थिति बदहाल हो गई थी। वह दाने-दाने को मोहताज हो गया तो ललिता ने घरों में कामकाज शुरू कर दिया।

गृहस्थी चलाने में पत्नी का साथ देने के लिए राकेश भी पुताई करने लगा। शुक्रवार सुबह वह पुताई करने के लिए ही हजरतगंज जा रहा था तभी हादसा हो गया।

तीनों हादसों के दौरान मौके पर नहीं थी पुलिस
बुधवार सुबह माल एवेन्यू में लॉरेटो चौराहे के पास स्थित चिल्ड्रन पैलेस स्कूल के बच्चों को ले जा रहे रिक्शा को बेकाबू बाइक ने टक्कर मार दी थी।

बृहस्पतिवार सुबह सीएम ऑफिस के ठीक बगल में तेज रफ्तार जीप एक बाइक और भूमि नियोजन परिषद के उपाध्यक्ष कमलेश यादव की सरकारी कार को ठोकते हुए मकान की दीवार में घुस गई थी तो शुक्रवार सुबह राजभवन के पास भाजपा नेता की कार ने मजदूर को कुचल दिया।

तीनों ही हादसों के दौरान पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर थी न ही आसपास के चौराहों पर। पुलिस अगर सतर्क होती तो शायद तीनों दिन बाइक, जीप और कार अंधाधुंध गति से न चल रहे होते।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें