राजधानी लखनऊ के चिनहट थानाक्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े पांच बदमाशों ने एसबीआई की सराय शेख शाखा पर धावा बोल गार्ड को गोली मारकर डकैती डाली। बदमाशों ने बैंक में घुसते ही गार्ड की पिटाई करके बंदूक छीनी और उसे गोली मार दी।
विज्ञापन
दो बदमाशों ने मैनेजर और कैशियर की कनपटी से तमंचा सटाया और कैश काउंटर में रखे रुपये लूट लिए। इस दौरान बैंक में मौजूद तीन ग्राहक डरकर कोने में दुबक गए। कैशियर भी काउंटर के नीचे छुप गया।
बदमाशों ने डेढ़ मिनट में दुस्साहसिक वारदात अंजाम देकर बाइक सतरिख रोड पर दौड़ा दी लेकिन पांच किमी बाद तीव्र मोड़ पर बेकाबू बाइक खाई में जा गिरी। उसे छोड़ तीन बदमाश रेलवे ट्रैक की तरफ पैदल भाग निकले। डीआईजी व एसएसपी मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन
फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वाएड, सर्विलांस सेल व क्राइम ब्रांच की मदद से बदमाशों की तलाश शुरू की। बैंक के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले। इसमें दो बदमाशों के चेहरे साफ नजर आए हैं।
डीआईजी रेंज डीके चौधरी ने बताया कि चिनहट कस्बे से मात्र दो किलोमीटर दूर स्थित गांव सराय शेख के पंचायत भवन के सामने स्थित एसबीआई की शाखा में शनिवार दोपहर 1:40 बजे चार बदमाशों ने धावा बोला।
तमंचे लहराते हुए भाग निकले
दो बदमाश चैनल के पास खड़े गार्ड श्रवण कुमार (40) की बंदूक पर झपटे। बंदूक छीनने के साथ उसे पीटते हुए ग्राहकों के लिए पड़ी कुर्सियों के पीछे ले जाकर सीने पर तमंचे से गोली मार दी।
इस बीच एक बदमाश तमंचा लहराते हुए शाखा प्रबंधक प्रिया तिवारी के केबिन में घुसा और दूसरे बदमाश ने कैशियर सुरेश चंद्र गुप्ता की कनपटी से तमंचा सटा दिया। गार्ड की पिटाई व हत्या करने वाले दोनों बदमाशों ने बैंक में मौजूद तीन ग्राहकों व कैंटीन कर्मचारी को कवर कर लिया।
कैशियर का कहना है कि कनपटी से तमंचा सटा होने की वजह से बुरी तरह घबरा गया। बदमाश ने काउंटर की दराज में रखे करीब 70-80 हजार रुपये लूट लिए। इसके साथ उसे काउंटर के नीचे घुसकर बैठने का हुक्म सुनाया। तीनों ग्राहक कोने में दुबके थे।
सिर्फ डेढ़ मिनट में वारदात अंजाम देकर तमंचे लहराते हुए लुटेरे बैंक से निकले। गार्ड से छीनी बंदूक का कारतूस निकाला। बंदूक व कारतूस बैंक में फेंककर और सतरिख रोड पर भाग निकले।
डर के मारे थरथर कांप रही थीं मैनेजर
दुस्साहसिक वारदात से बुरी तरह घबराई मैनेजर प्रिया तिवारी अपनी कुर्सी पर थरथर कांप रही थी। कैश काउंटर के नीचे, कैंटीन कर्मचारी अमित, बैंक में रुपये जमा करने आई रोशन तारा खातून, दिलीप यादव व अरविंद प्रजापति कोने में दुबके थे। काफी देर बाद हिम्मत जुटाकर तीनों ग्राहकों ने कैश काउंटर की तरफ झांका। शोर मचाने पर कैशियर निकला।
मैनेजर ने पुलिस को फोन किया। एसएसपी राजेश कुमार पांडेय, एएसपी क्राइम ज्ञानप्रकाश चतुर्वेदी, सीओ गोमतीनगर सत्यसेन यादव तमाम फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे।
खून से लथपथ पड़े गार्ड श्रवण कुमार को लोहिया अस्पताल भेजने के साथ सतरिख रोड पर कांबिंग शुरू कराई गई।
बाइक समेत खाई में गिरे, पैदल भागे वारदात अंजाम देकर तीन बदमाश एक बाइक पर सवार हुए, जबकि दूसरी बाइक पर दो बदमाश थे। तेज रफ्तार के चलते बैंक से करीब पांच किमी दूर गांव जुग्गौर में तीव्र मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। खाई से निकले बदमाशों ने रेलवे ट्रैक के किनारे खेल रहे दो बच्चों मो आरिफ व सचिन से बाइक की रखवाली की बात कही और पैदल भाग निकले।
एएसपी क्राइम ज्ञानप्रकाश चतुर्वेदी ने बताया कि खाई में मिली बाइक की छानबीन की गई। पता चला कि 17 नवंबर को इंदिरानगर से चोरी हुई थी और 18 नवंबर को गाजीपुर थाने में बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इसके नंबरों में मामूली फेरबदल किया गया था।
38 हजार 3 सौ लुटे बैंक में दिनदहाड़े लूट व गार्ड की गोली मारकर हत्या का पता चलते ही एसबीआई के अफसर मौके पर पहुंचे। शाखा प्रबंधक व कैशियर ने कैश बुक चेक करने के बाद 38,300 रुपये कम बताए।
एसओ चिनहट शशि शेखर यादव ने बताया कि बैंक प्रबंधन ने देरशाम तक लुटी रकम का ब्योरा नहीं दिया है। वारदात के तुरंत बाद तहकीकात में कैशियर ने 70-80 हजार की लूट बताई थी। बाद में 38,300 रुपये लुटने की बात कही।