उत्तर प्रदेश में मेरठ में एंटी करप्शन की टीम ने शुक्रवार दोपहर आवास विकास के अकाउंटेंट को रिश्वत लेते दबोच लिया। इससे विभाग में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने एंटी करप्शन की टीम से आरोपी की वकालत की, लेकिन टीम ने एक न सुनी।
मेडिकल पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार सेक्टर तीन निवासी जितेंद्र शर्मा का मेंटीनेंस का काम है।
उन पर आवास विकास का बैलेंस बकाया है। कुछ समय पूर्व विभाग ने मकान मालिक को 3.11 लाख रुपये का नोटिस भेजा। मकान मालिक ने एक मुश्त योजना के अंतर्गत पीएनबी शास्त्रीनगर में ओटीएस फार्म भरते हुए 5105 रुपये जमा कर दिए। इसके बाद जितेंद्र आवास विकास के कार्यालय में संपत्ति अधिकारी के पास पहुंचा और अपने मकान की समस्या बताई।