बाजार खाला क्षेत्र में दवा कंपनी के नाम पर करोड़ों की ठगी के
आरोपी दबंगों ने रविवार रात एक फल व्यवसायी के घर धावा बोलकर अंधाधुंध
फायरिंग की। इससे इलाके में दहशत फैल गई।
हमलावरों के जाने के बाद व्यापारी
आसपास के लोगों के साथ कोतवाली पहुंचा। वारदात के विरोध में प्रदर्शन के
बाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
भदेवां
में मरीमाता मंदिर के पास रहने वाला फल व्यवसायी मो जैश शकील रात 8:30 बजे
घर के बाहर बैठा था। इस बीच दो बाइकों से पहुंचे चार हमलावरों ने धमकाते
हुए फायरिंग शुरू कर दी।
मो. जैश का आरोप है कि हमलावरों में ऐशबाग निवासी
उबैद अली, मेराज, गौस व एक अज्ञात शामिल था। उबैद व उसके साथियों ने पुराने
शहर के विभिन्न मोहल्लों के अनेक लोगों को मेस्ट्रा फार्मा नामक दवा कंपनी
में साझेदारी व मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों की ठगी की थी।
इनमें से 40
व्यक्तियों ने मो जैश शकील के कहने पर 1.94 करोड़ रुपये लगाए थे। उबैद व
उसके साथियों द्वारा रकम हड़प लेने पर सभी लोग जैश शकील से तगादा कर रहे
थे।
इस पर जैश ने ठगी का शिकार बने लोगों को साथ लेकर 27 जुलाई को एसएसपी
आवास व पाटानाला चौकी पर प्रदर्शन किया था। चौक पुलिस ने उबैद अली, नजमी,
फरीद व गौस आदि के खिलाफ रिपोर्ट तो दर्ज कर ली लेकिन आरोपियों को गिरफ्तार
नहीं किया।
इसी रंजिश के चलते उबैद, मेराज व गौस ने एक अन्य साथी की मदद
से वारदात अंजाम दी। गोली लगने से कार का शीशा टूट गया और घर की दीवारों व
गेट पर गोलियां धंसी हैं।