सूबे की राजधानी शर्मसार होने से बच गई। भ्रमण पर निकली एक अमेरिकी युवती
के साथ चलते टैंपो में चालक ने अपने दो दोस्तों के साथ छेड़खानी शुरू कर
दी।
इससे युवती घबरा गई लेकिन हिम्मत नहीं हारी। थोड़ी देर तो वह तीनों
शोहदों से जूझती रही। फिर मदद के लिए चीखने चिल्लाने लगी। इससे तीनों घबरा
गए और परिवर्तन चौक के पास युवती को टैंपो से उतारकर फरार हो गए।
युवती ने
कंट्रोल रूम को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने टैंपो के नंबर के आधार
पर देर रात तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस
सूत्रों के मुताबिक अमेरिकी युवती शनिवार देर रात अमीनाबाद बाजार से
हजरतगंज के लिए टैंपो पर सवार हुई। टैंपो में दो अन्य युवक भी सवार हो गए।
इनमें से एक के इशारे पर ड्राइवर ने टैंपो दौड़ाना शुरू कर दिया।
सुनसान
रोड पर पहुंचते ही दोनों युवकों ने युवती से छेड़खानी शुरू कर दी। युवती ने
ड्राइवर से शिकायत करने के साथ टैंपो रुकवाना चाहा तो ड्राइवर ने भी उसका
हाथ पकड़कर छेड़छाड़ शुरू कर दी।
उनसे जूझते हुए युवती ने शोर मचाना शुरू
कर दिया। तीनों ने युवती को काबू में करने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहने पर
ड्राइवर ने परिवर्तन चौक के पास टैंपो की रफ्तार धीमी की और उसे धक्का
देकर उतार दिया।
इसके बाद फरार हो गए। इस बीच युवती ने टैंपो का नंबर नोट
कर पुलिस कंट्रोल रूम फोन कर दिया। हजरतगंज पुलिस युवती को महिला थाने ले
गई जहां युवती ने मामला दर्ज कराया।
इसके बाद पुलिस टैंपो के नंबर के आधार
पर उसके मालिक सआदतगंज क्षेत्र के सैयद वहीद के पास पहुंची। वहीद की मदद
से सआदतगंज में रहने वाले ड्राइवर सत्येंद्र, उसके साथी वीरू व राजन को
गिरफ्तार कर लिया गया।