अलकायदा के संदिग्ध आतंकी मिनहाज से मिली .32 बोर की पिस्टल से जुड़े अब तक तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अभी इससे जुड़े कई और लोगों के गिरफ्तारी होनी तय है। ये एटीएस के रडार पर हैं। एटीएस के मुताबिक मुईद ने मुस्तकीम की मदद से मिनहाज को पिस्टल दिलाई। पर पिस्टल किससे खरीदी गई, इसका खुलासा एटीएस जल्द करेगी। अब तक पिस्टल से जुड़े लगभग आधा दर्जन लोगों के नाम सामने आ चुके हैं।
मिनहाज से बरामद पिस्टल को कानपुर से खरीदा गया था। इसे लेकर एटीएस की एक टीम कानपुर के चमनगंज पर भी निगाह बनाए हुए है। वहीं, जिन लोगों पर एटीएस को शक है, वह दोनों चमनगंज के रहने वाले बताए जा रहे हैं। एटीएस ने संदिग्ध आतंकियों के पास से कुकर बम भी बरामद किया था। एटीएस कुकर व विस्फोटक किसने उपलब्ध कराया, कुकर बम बनाने की ट्रेनिंग कहां से ली गई आदि सवालों के जवाब मिनहाज व मसीरूद्दीन से उगलवाने का प्रयास कर रही है।