ईद मनाने लखनऊ आ रहे युवक की ट्रेन में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना पर नगीना (बिजनौर) जीआरपी ने शव ट्रेन से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवक के चाचा की तहरीर पर जीआरपी ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं हत्या की सूचना मिलते ही लखनऊ में मृतक युवक के घर पर कोहराम मच गया।
लखनऊ के थाना सरोजनीनगर क्षेत्र के दरोगाखेड़ा आवासीय कॉलोनी निवासी नईम अहमद सिद्दीकी का पुत्र आजम सिद्दीकी (24) देहरादून में यामाहा कंपनी में काम करता था। ईद मनाने वह रविवार शाम दून एक्सप्रेस से लखनऊ आ रहा था।
हरिद्वार-नजीबाबाद के बीच किसी ने चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। जीआरपी ने नजीबाबाद के पास 63 नंबर रिजर्व बर्थ पर शव पड़ा देखा और नजीबाबाद जीआरपी को सूचना दी।
शरीर पर मिले गहरे जख्म
रात एक बजे जीआरपी ने नगीना स्टेशन पर ट्रेन से उसका शव उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चाचा शहजाद परवेज की तहरीर पर नगीना जीआरपी ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सोमवार दोपहर तक युवक के माता-पिता भी लखनऊ से नगीना पहुंच गए थे। उधर, एसपी रेलवे मुरादाबाद आनंद कुलकर्णी का कहना है कि कोई भी यात्री घटना के संबंध में कुछ नहीं बता रहा है।
संभव है कि लक्सर के आसपास युवक की हत्या की गई है। शरीर पर सामने और पीछे की ओर गहरे जख्म हैं। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कुछ कहा जा सकता है। मामले की जांच की जा रही है।
यात्रियों ने नहीं दी कोई जानकारी
आजम सिद्दीकी रिजर्वेशन से यात्रा कर रहा था। उसकी बर्थ नंबर 63 थी। नगीना जीआरपी चौकी प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मृतक की बर्थ के आसपास की बर्थ वाले यात्रियों से पूछताछ की गई थी। लेकिन किसी भी यात्री ने उसके संबंध में जानकारी होने से इंकार कर दिया।
मोबाइल गायब, अन्य सामान बरामद
आजम का मोबाइल नहीं मिल पाया है। जबकि उसकी जेब से पर्स, बैग में रखे पैसे व लैपटॉप बरामद कर लिया गया। आजम के पास से 30 हजार रुपये भी सही सलामत पाए गए। हत्यारों ने आजम के साथ लूटपाट नहीं की।
हरिद्वार तक हुई मोबाइल पर बात
शहजाद परवेज ने बताया कि रविवार शाम वह दून से लखनऊ के लिए रवाना हुआ था। इस दौरान आजम ने उनसे बात की थी। हरिद्वार पहुंचने तक मोबाइल पर उनकी बातें होती रहीं। इसके बाद बात करके फोन रख दिया गया था।