मोबाइल चोरी के आरोप में निशातगंज के एक रेडीमेड शॉप के मालिक ने अपनी ही दुकान पर काम करने वाले किशोर की जान ले ली। गुरुद्वारा रोड स्थित एसके गारमेंट के मालिक संतोष कुमार श्रीवास्तव ने शुक्रवार को पहले तो गगन (14) को जमकर पीटा। इसके बाद फंदे से लटका दिया।
किशोर की मौत की खबर मिलते ही लोग आक्रोशित हो उठे और दुकानदार की लात-घूसों से पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। गगन के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर महानगर पुलिस ने संतोष को गिरफ्तार कर लिया है।
पेपर मिल कॉलोनी के चक्करपुरवा के कारपेंटर सुनील कुमार जायसवाल का बेटा गगन संतोष की दुकान पर काम करता था। गगन मदर टेरेसा अकादमी में तीसरी का छात्र था। सुनील ने बताया कि संतोष दो दिनों से गगन को डरा-धमका रहा था। इससे वह इतना सहमा था कि शुक्रवार को दुकान नहीं गया।
दोपहर करीब 12 बजे संतोष ने उससे संपर्क कर बेटे को दुकान पर लेकर आने को कहा। जब वह दुकान पर पहुंचा तो संतोष ने गगन को रोक लिया और उसे जाने को कह दिया।