हाई सिक्योरिटी जोन की सुरक्षा को धता बताते हुए सूरज सिंह नामक युवक बैग में तमंचा लिए राजभवन के आसपास आधे घंटे तक घूमता रहा। यही नहीं वह राज्यपाल से मिलने के लिए गेट नंबर दो तक पहुंच गया। गेट पर तैनात सिक्योरिटी ने उसका बैग चेक किया तो उसमें जंग लगा देशी तमंचा मिला।
सुरक्षा गार्डों ने उसे दबोच लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे थाने ले आई और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इतना सबकुछ होने के बावजूद इंस्पेक्टर विजयमल यादव पूरे मामले को छिपाते हुए डीएसओ चौराहे पास से युवक को दबोचे जाने की बात कही। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह राजनीति में जाने के लिए हाईलाइट होना चाहता था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पारा के जलालपुर का रहने वाला आठवीं पास सूरज सिंह पेंटिंग का काम करता है। वह पिछले चार माह से राज्यपाल से मिलने की कोशिश कर रहा था लेकिन उसे मिलने नहीं दिया जा रहा था।
सोमवार दोपहर करीब दो बजे वह तमंचा बैग में रखकर वह गेट नंबर दो तक पहुंच गया। गेट पर पहुंचते ही सिक्योरिटी ने उसका बैग चेक किया तो उसमें जंग लगा देशी तमंचा मिला। एसआई दुर्गादत्त की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।