तालकटोरा क्षेत्र के मॉर्डन इंडियन स्कूल (एमईएस) की एक छात्रा ने शनिवार सुबह घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
प्रमोट टेस्ट में फेल होने पर कॉलेज प्रबंधन ने दसवीं में दाखिला लेने के बाद उसे वापस नवीं कक्षा में भेज दिया था।
पारा थाने में बतौर कांस्टेबल तैनात पिता ने कॉलेज प्रबंधन को मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
दुपट्टे से लगा ली फांसी
एसओ तालकटोरा विनोद मिश्रा ने बताया कि पारा थाने में तैनात कांस्टेबल अरविंद कुमार शर्मा परिवार के साथ अशरफनगर में रहता है। अरविंद की बेटी ऋद्धि शर्मा (14) ने सुबह के समय पंखे से दुपट्टे का फंदा कसा और फांसी लगा ली।
थोड़ी देर बाद तीसरी मंजिल से उतरी मां सरिता शर्मा ने कमरा बंद देख आवाज लगाई। जवाब न मिलने पर दूसरे कमरे से लगे दरवाजे को किसी तरह खोला। अंदर ऋद्धि को फंदे से लटकता देख शोर मचाया। बेटी को नीचे उतारने के साथ ही पति को फोन किया।
कॉलेज पर प्रताड़ना का आरोप
आनन फानन में ऋद्ध को पास के एक नर्सिंगहोम ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता अरविंद व मां सरिता ने कॉलेज प्रबंधन पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। दोनों ने कहा कि उनके पांचों बच्चे एमईएस में पढ़ते हैं।
बड़ी बेटी अपर्णा 12वीं, स्वाति नवीं, आनंद सातवीं व आर्यन पांचवीं का छात्र है। ऋद्धि का इस बार 10वीं में दाखिला हुआ था। कक्षा नौ में नंबर कम रहने पर कॉलेज प्रशासन ने कई अन्य बच्चों की तरह उसे भी प्रमोट टेस्ट देने को कहा था।
सत्र शुरू होने पर ऋद्धि को दसवीं में दाखिला दे दिया गया। फीस भी जमा करा दी गई। नई कक्षा में पढ़ रही थी कि 15 जुलाई को प्रमोट टेस्ट लिया गया। इसके बाद प्रबंधन ने ऋद्धि को वापस नवीं में पढ़ने के आदेश दिए। इससे ऋद्धि को गहरा आघात पहुंचा था।
एमईएस में 12वीं की छात्रा अपर्णा ने बताता कि स्कूल प्रबंधन ने 15 जुलाई को ऋद्धि को काफी डांटा था। घर लौटी तो पिता बालाजी के दर्शन को जा चुके थे।
अपमानित ऋद्धि उस दिन से स्कूल नहीं जा रही थी, शुक्रवार को लौटे पिता अरविंद को आपबीती सुनाई। पिता ने कॉलेज प्रबंधक राजेश यादव को फोन किया। उन्होंने दिल्ली से लौटने पर बात करने को कहा और फोन काट दिया।
प्रिंसिपल ने साधी चुप्पी
ऋद्धि की मौत पर उसके पिता द्वारा स्कूल प्रबंधन पर उत्पीड़न के आरोप की सच्चाई जानने के लिए मीडिया ने प्रिंसिपल प्रीति वासन से जानकारी का प्रयास किया। उन्होंने मामले में कुछ भी बोलने से इनकार करते हुए कहा कि पुलिस को मामले से अवगत करा दिया गया है।