ट्रेन की चपेट में आने से बालिका की मौत
बभनान गोंडा। गोरखपुर गोंडा रेलखण्ड पर स्थित बभनान रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर पर मंगलवार को एक 16 वर्षीय किशोरी ट्रेन की चपेट में आ गई। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची जीआरपी मनकापुर ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।
बताया जा रहा है कि लखनऊ की तरफ जा रही गोरखपुर यशवन्तपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस बभनान से गुजर रही थी। ट्रेन बभनान रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर पर पहुंची थी कि एक सोलह वर्षीया बालिका ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान छपिया थाना क्षेत्र के बभनान के मजरे चाईपुरवा के रहने वाले इस्माइल की बेटी फरजाना के रूप में हुई है। स्टेशन अधीक्षक बभनान राघवेन्द्र चतुर्वेदी के मेमो पर पहुंची जीआरपी मनकापुर ने शव को कब्जे में लिया। चौकी प्रभारी मनकापुर रमजान अली अंसारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए गोंडा भेज दिया गया है।
महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
नवाबगंज। थाना क्षेत्र के टिकरी रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार को एक अज्ञात महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। बताया जाता है कि मंगलवार दोपहर को टिकरी स्टेशन से लगभग 100 मीटर उत्तर की तरफ एक 30 वर्षीय अज्ञात महिला मनकापुर से अयोध्या जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के आगे कूद गई।
हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाद पंचनामा पोस्टमार्टम को भेज दिया है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।