बहराइच/जरवल। अलग-अलग स्थानों पर बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। हुजूरपुर के निकट आटो पलटने से उसमें सवार युवक ने दम तोड़ा। एक महिला भी घायल हुई। वहीं लखनऊ-बहराइच मार्ग पर जरवल क्षेत्र में वाहनों की टक्कर से सात लोग घायल हुए हैं। मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जबकि सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें दो घायलों की हालत नाजुक होने के चलते उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हुजूरपुर थाना अंतर्गत सहसलमपुरगांव निवासी गुलाम यजदानी उर्फ नीलू (34) पुत्रमुराद अली बुधवार सुबह ऑटो पर सवार होकर गांव से जिला मुख्यालय बहराइच आ रहे थे। तभी हुजूरपुर-बहराइच मार्ग पर सुखनदिया के निकट ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। उसमें सवार गुलाम यसदानी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बिट्टा ओझा (40) निवासी निबुइया हुजूरपुर घायल हुई हैं। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। उधर लखनऊ-बहराइच मार्ग पर कैसरगंज थाना अंतर्गत अचेहरा गांव के निकट दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। बाइक सवार मालिकपुरवा गोंदौरा निवासी मोहम्मद सुफियान (21), मोहम्मद आसिफ (22) व अरई गांव निवासी जाकिर (14), मोहम्मद हुसैन (30) व साबना (30) घायल हुए हैं। इन सभी को भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा गया। यहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। इनमें मोहम्मद सुफियान और मोहम्मद आसिफ की हालत नाजुक देखकर उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है। वहीं जरवलरोड थाना अंतर्गत घाघराघाट के निकट एक मारुति वैन पुलिस चेक पोस्ट के डिवाइडर से टकरा गई। जिससे उसमें सवार दो लोगों को मामूली चोटें आईं।