सड़क हादसे में चाचा और दो भतीजों की मौत
बहराइच से ट्रॉली खरीद कर लौट रहे थे , बौद्ध परिपथ पर एकघरवा के निकट हुआ हादसा
बलरामपुर/श्रावस्ती। बहराइच से शुक्रवार देर रात लौट रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार चाचा व दो भतीजों को बेकाबू ट्रक ने टक्कर मार दी। एकघरवा के निकट बौद्ध परिपथ पर हुए इस हादसे में ट्रैक्टर सवार दो लोग नीचे गिर गए। साथ ही मौके पर मौजूद दो अन्य को रौंदते हुई ट्रक आगे निकल गया। इसमें चाचा व दो भतीजों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि साथ में मौजूद एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी लोग बहराइच से ट्रॉली खरीद कर लौट रहे थे। सूचना पर पहुंची गिलौला पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। जबकि घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
जिले के थाना कोतवाली देहात अंतर्गत ग्राम गंगापुर बांकी निवासी ननकऊ यादव (45) पुत्र मुन्ना यादव शुक्रवार को प्रेशर ट्रॉली खरीदने बहराइच गया था। इस दौरान उसके साथ ननकऊ का भतीजा मंगलेश कुमार यादव (30) पुत्र रामसूरत यादव व विजय कुमार उर्फ गोपी (28) पुत्र रामनरेश यादव व गांव का ही उमानाथ पुत्र ठाकुर प्रसाद भी था। जिनके द्वारा बहराइच में दो ट्रॉली खरीदी गई। इन दोनों ट्रॉलियों को एक ही ट्रैक्टर में जोड़ कर देर रात सभी घर लौट रहे थे। जैसे ही उमानाथ ट्रैक्टर लेकर बौद्ध परिपथ स्थित गिलौला थाना क्षेत्र के एकघरवा स्थित पेट्रोलपंप के निकट पहुंचा तभी उसने ट्रैक्टर रोक दिया। इस दौरान मंगलेश व विजय ट्रॉली का चक्का देखने लगे कि गर्म तो नहीं हुआ। इसी बीच बहराइच से बलरामपुर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक चालक मंगलेश व विजय को बचाने के चक्कर में नियंत्रण खो बैठा। इससे ट्रक दोनों को रौंदते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गया। जिससे ट्रैक्टर पर मौजूद ननकऊ व उमानाथ भी मार्ग पर जा गिरे जिन्हें रौंदती हुई ट्रक आगे निकल गई। इस हादसे में ननकऊ, विजय व मंगलेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उमानाथ घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची गिलौला पुलिस ने घायल उमानाथ को सीएचसी गिलौला पहुंचाया। उमानाथ की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दिया है। ट्रक चालक घटना के बाद मौके से वाहन सहित भागने में सफल रहा। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक गिलौला मनोज पांडे बताते हैं कि लाश को पोस्ट मार्टम के लिए भेजा गया है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
मासूमों के सिर से छिना पिता का साया
गंगापुर बांकी निवासी ननकऊ यादव शुक्रवार को घर से प्रेशर ट्रॉली खरीदने की बात कह बहराइच के लिए निकला था। इस दौरान लाखों रुपये उसके पास मौजूद थे। जिसकी सुरक्षा के लिए उसने अपने भतीजे मंगलेश कुमार व विजय कुमार सहित गांव के ही उमानाथ को अपने साथ लेकर ट्रैक्टर से बहराइच आया था। इन सभी को क्या पता था कि यह उनकी अंतिम यात्रा होगी। शनिवार भोर गांव सूचना पहुंचने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। एक ही परिवार में हुई तीन मौत के बाद जिसने भी सुना वह सीधे गिलौला के लिए चल पड़ा। वहीं मां को रोता देख मंगलेश के पुत्र एकलव्य (4), रीना (1), विजय के पुत्र आशीष (7) व दोनों आंख से निशक्त मलखान (5) सुगम (3) सहित ननकऊ के पुत्र राम कुमार व शिव कुमार के सिर से पिता का साया छिन गया। गिलौला पहुंचे परिवारीजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। हर कोई उस मनहूस घड़ी को कोस रहा था जिस घड़ी यह चारों एक साथ बहराइच के लिए घर से निकले थे।