एसयूवी सवार बदमाशों ने तड़तड़ाईं गोलियां
तीन युवकों का आरोप-जॉपलिंग रोड पर बदमाशों ने अंजाम दी वारदात, मामला संदिग्ध
खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज, पर नहीं दिखी युवकों की बताई एसयूवी
अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ। हजरतगंज में जॉपलिंग रोड पर शनिवार तड़के चार बजे एसयूवी सवार बदमाशों ने तीन युवकों को निशाना बनाकर फायरिंग की। तीनों युवकों से वारदात की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, हालांकि पुलिस घटना को संदिग्ध बता रही है। मौके से एक खोखा बरामद हुआ है। चौकी प्रभारी सुल्तानगंज महेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, वाईएमसीए चौराहे से प्राग नारायण रोड तक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। कोई भी एसयूवी आती-जाती नहीं दिखी है। वहीं बटलर पैलेस से डालीबाग, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लि. कार्यालय और सिकंदरबाग चौराहे की तरफ आने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस टीम खंगाल रही है, लेकिन कुछ मिलेगा इसकी उम्मीद कम है।
पुलिस के मुताबिक, जॉपलिंग रोड निवासी अविरल गुप्ता ने बताया कि वह दोस्त अर्पित शर्मा और वैभव मिश्रा के साथ तड़के चार बजे सिविल अस्पताल चाय पीने गए थे। लौटते वक्त जॉपलिंग रोड पर एक आइसक्रीम की दुकान के सामने पहुंचे थे कि कार के सामने एक एसयूवी आकर रुकी। एसयूवी सवार बदमाशों ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। अविरल के मुताबिक, बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की और वाईएमसीए चौराहे की तरफ भाग निकले। पुलिस के मुताबिक, एक युवती ने पुलिस कंट्रोल रूम को फायरिंग की सूचना दी। सूचना मिलते ही फोर्स सहित सीओ अभय कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे। सीओ के मुताबिक, कुछ और रास्तों पर सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
गोमतीनगर में मनाई पार्टी, तड़के सिविल अस्पताल पर गए चाय पीने
चौकी प्रभारी सुल्तानगंज महेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, तीनों युवकों से पूछताछ में पता चला कि अविरल उत्तराखंड का रहने वाला है। वह लखनऊ आने पर जॉपलिंग रोड स्थित अपने रिश्तेदार केघर पर ठहरता है। शुक्रवार को वह लखनऊ पहुंचा था और देर रात को वह दोस्तों के साथ गोमतीनगर इलाके में स्थित एक रेस्टोरेंट में पार्टी मनाने गया। रात तीन बजे तक वह अपने एक दर्जन दोस्तों के साथ गोमतीनगर में था। युवकों ने बताया कि वहां से फिर वे सिविल अस्पताल चाय पीने के गए थे और लौटते वक्त ये वारदात हुई।
बड़ा सवाल : वाईएमसीए चौराहे की ओर भागे तो सीसीटीवी फुटेज में क्यों नहीं दिखे
एक बड़ा सवाल यह है कि युवकों ने पुलिस को बताया है कि एसयूवी सवार वाईएमसीए चौराहे की ओर भागे, तो उस रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में वे क्यों नहीं दिखे?