ग्राफिक डिजायनर की मौत मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज
गोमतीनगर के रिवर फ्रंट पर मिला था शव, बहन ने दी तहरीर
लखनऊ। गोमतीनगर थाने में ग्राफिक डिजायनर इश्तियाक अहमद की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या व साक्ष्य मिटाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक की बहन डॉ. रेशमा सिद्दीकी ने तहरीर दी। आरोप लगाया कि इश्तियाक को उसके परिचितों ने रिवर फ्रंट पर बुलाया और मारपीटकर नदी में फेंक दिया। वहीं, गोमतीनगर पुलिस ने इसे खुदकुशी बताया था।
प्रभारी निरीक्षक राम सूरत सोनकर के मुताबिक, विरामखंड तीन निवासी ग्राफक डिजायनर इश्तियाक अहमद सिद्दीकी की घर के ही पास कॉपी-किताब बाइंडिंग की दुकान थी। आठ मई की शाम वह घर से निकले और नहीं लौटे। परिवारीजनों ने काफी तलाश के बाद गुमशुदगी दर्ज कराई। नौ मई की दोपहर सीओ गोमतीनगर कार्यालय के पास एक शव पानी में उतराता मिला। पुलिस ने शव बाहर निकलवाया और इश्तियाक के परिवारीजनों को भी सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने शव की पहचान इश्तियाक के रूप में की। गोमतीनगर पुलिस शुरू से इश्तियाक की मौत को आत्महत्या मान रही थी। वहीं, परिवारीजन हत्या का शक जता रहे थे। इसके बाद परिवार के लोग आलाधिकारियों से मिले। अब आला अधिकारियों के आदेश पर गोमतीनगर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली। मुकदमा इश्तियाक की बहन डॉ. रेशमा सिद्दीकी ने दर्ज कराया है। उनका कहना है कि किसी परिचित ने इश्तियाक को कॉल कर रिवर फ्रंट बुलाया और मारपीट कर इश्तियाक को नदी में फेंक दिया।