सड़क में पड़ी दरारें और उखड़ी बजरी।
- फोटो : संवाद
लखनऊ। घटिया निर्माण के चलते सरोजनी नगर में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़क डेढ़ महीने में जगह-जगह धंस रही है। सड़क किनारे की ओर और फट गई है। बीच में भी बड़ी दरारें पड़ गई हैं। बजरी भी उखड़ रही है। यह सड़क शासन से जारी 15वें वित्त मद के बजट से बनाई गई है। घटिया निर्माण के बारे में कुछ लोगों ने गोपनीय शिकायत नगर निगम में की है।
मामला जोन पांच के सरोजनी नगर का है। यहां पर सरोजनी प्रथम वार्ड में किसान पथ से गाटा संख्या- 806च से होते हुए सीबीजी प्लांट तक सड़क बनाने में गड़बड़ी की गई। सूत्रों ने बताया कि यह सड़क करीब डेढ़ महीने पहले ही बनी है। घटिया निर्माण होने के चलते यह कई जगह पर धंस गई और बीच से फट भी रही है। अब भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए उस पर राख और बालू डाला जा रहा है।
ठोकर मारने पर बाहर निकल आई थी बजरी
करीब दो महीने पहले इसी तरह की घटिया सड़क निर्माण का मामला गोमती नगर के विकल्प खंड में सामने आया था। विकल्प खंड में करीब 30 लाख रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया गया था जो बनते ही उखड़ने लगी थी। अमर उजाला ने इस मामले में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। जांच के लिए मंडलायुक्त ने भी मौके पर पहुंचे थे। मंडलायुक्त ने सड़क पर हल्के से पैर की ठोकर मारी थी तो सड़क की पूरी बजरी बाहर निकलकर बिखर गई थी। उन्होंने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। कार्यदायी फर्म को एक साल के लिए प्रतिबंधित भी किया गया था।
सड़क निर्माण की जांच कराई जाएगी कि वह किस वजह से धंस रही है। इस मामले जोनल इंजीनियर से रिपोर्ट भी मांगी गई है। लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-महेश वर्मा,
मुख्य अभियंता, नगर निगम
सड़क में पड़ी दरारें और उखड़ी बजरी।- फोटो : संवाद
सड़क में पड़ी दरारें और उखड़ी बजरी।- फोटो : संवाद