अधिवक्ता आजाद अहमद हत्याकांड के मुख्य आरोपी व एक लाख के इनामी सिराज अहमद पर शिकंजा कस गया है। डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट के आदेश पर सोमवार को फरार बदमाश सिराज अहमद की 4 करोड़ 66 लाख 11 हजार 300 की कुल संपत्ति कुर्क की गई है। बता दें कि पांच दिन पूर्व ही जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय ने कार्रवाई का निर्देश दिया था।
गौरतलब है कि कोतवाली देहात थाना अंतर्गत भुलकी बाईपास पर 6 अगस्त 2023 की शाम भुलकी गांव में ताबड़तोड़ फायरिंग कर अधिवक्ता आजाद अहमद की हत्या व उसके भाई को घायल कर दिया गया था। जिसके सबंध में सलीम अहमद ने बेटे की हत्या के लिए नामजद एफआईआर लिखाई थी। विवेचना से आठ लोग हत्या व साजिश में शामिल मिले। जिनमें सात आरोपितों को पुलिस ने जेल भेजा था। मुख्य आरोपित सिराज अहमद अभी तक फरार है।
जिला जज के न्यायालय से हस्तांतरित होकर आई पत्रावली में फास्ट ट्रैक कोर्ट में पेशी शुरू हो गई है। जहां अब 27 फरवरी को सुनवाई होना है। वो घटना के बाद से फरार है। उस पर पुलिस ने एक लाख का इनाम रखा है। कोर्ट के आदेश पर उसके घर आदि पर कुर्की की कार्रवाई पूर्व हो चुकी है और वो अब भी एसटीएफ व पुलिस की पकड़ से दूर है।
बता दें कि सिराज पर कुल 21 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के दो, हत्या के प्रयास के 4 और गैंगस्टर एक्ट के तीन मामले शामिल हैं। देहात कोतवाल सत्येंद्र कुमार सिंह की पहल पर यह कार्रवाई की गई। जब्त की गई संपत्ति में छह वाहन शामिल हैं। इनमें एक फॉर्च्यूनर, दो स्कॉर्पियो, एक महिंद्रा ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल है। इसके अलावा एक ट्रैक्टर ट्रॉली भी जब्त की गई है। साथ ही एक भू-संपत्ति भी जब्त की गई है।