राजधानी लखनऊ में कोरोना मरीजों के इलाज के लिए जिला प्रशासन ने निजी क्षेत्र के 55 अस्पतालों की नए सिरे से सूची जारी की है। शासन की ओर से अधिसूचित सरकारी व निजी क्षेत्र के चिकित्सा संस्थानों के अलावा तय किए गए इन निजी क्षेत्र के अस्पतालों में 10 प्रतिशत बेड छोड़कर बाकी पर सीधे अस्पताल संचालक मरीजों को भर्ती कर इलाज कर सकेंगे। यानी इन अस्पतालों के 90 फीसदी बेड पर एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के रेफरल आदेश के बिना संक्रमितों की भर्ती की जा सकेगी।
प्रभारी जिलाधिकारी डॉ. रोशन जैकब ने 55 अस्पतालों की सूची जारी करते हुए कहा कि इससे पूर्व अलग-अलग जारी सभी सूचियों के स्थान पर अब नई संशोधित सूची मान्य होगी। इन अस्पतालों के दस प्रतिशत बेडों पर एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से मरीज भर्ती किए जाएंगे।
इसके साथ ही इन सभी अस्पतालों के नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वह रोजना सुबह 8 बजे और शाम 4 बजे अस्पताल में उपलब्ध, भरे व खाली बेडों का श्रेणीवार विवरण अस्पताल के बाहर प्रदर्शित करेंगे। इसके साथ ही संबंधित पोर्टल पर अपलोड करने के साथ ही गूगल शीट के जरिये एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को भेजेंगे।