कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए गौतमबुद्धनगर जिले में धारा 144 की अवधि को 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया गया है। पहले इसे पांच अप्रैल तक के लिए ही लागू किया गया था। अपर पुलिस उपायुक्त (कानून एवं व्यवस्था) आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए धारा 144 को 30 अप्रैल तक बढ़ाया गया है।
गाजीपुर के दिलदारनगर के नौ संदिग्धों में से दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों लोग दिल्ली के निजामुद्दीन जमात में शामिल हो कर वापस आए थे। संक्रमण की पुष्टि होने के बाद दिलदारनगर को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। जिले में अब कोरोना वायरस के कुल पांच मरीज हो गए हैं।
बरेली जिले के धौरहरा कस्बे में तब्लीगी जमात के तीन लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। निजामुद्दीन के तब्लीगी जमात में शामिल होने के बाद धौरहरा की मस्जिदों में छिपे 12 जमातियों को पकड़ा गया था। उन्हीं में से तीन की रिपोर्ट आज पॉजिटिव आई है। तीनों संक्रमित बाहर के रहने वाले हैं। उन्हें एंबुलेंस से लखनऊ भेजा गया है।
वाराणसी के बजरडीहा निवासी एक महिला में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। जानकारी के अनुसार महिला 15 मार्च को सऊदी अरब के जेद्दा से दिल्ली होते हुए 16 मार्च को बनारस लौटी थी। तीन दिन पहले तबीयत बिगड़ने के बाद महिला इलाज के लिए दीनदयाल अस्पताल गई थी।
कोरोना वायरस के संदिग्ध मानकर शाहजहांपुर जिला अस्पताल में क्वारंटीन किए 12 लोगों में से चार की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इनमें से एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया था, जिसे आइसोलेशन वार्ड में इलाज किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद रात नौ बजे दीये-मोमबत्ती जलाने के लिए आगरा के लोगों ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। कोरोना के खिलाफ जंग में ताजनगरी के मुस्लिम समाज के लोगों ने भी घरों में दीये, मोमबत्ती और टॉर्च जालने की तैयारी कर ली है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शाम 5 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे।
दिल्ली के तब्लीगी जमात से मथुरा लौटे कुल 30 जमातियों में से 23 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 7 जमातियों की रिपोर्ट आनी बाकी है।
गाजियाबाद पुलिस ने बताया कि पिछले महीने दिल्ली में तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल होने वाली 5 महिलाओं सहित 10 इंडोनेशियाई नागरिकों के खिलाफ आईपीसी की धारा 188, 269, 270, महामारी रोग अधिनियम और विदेश अधिनियम, 1897 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके साथ ही उन्हें क्वारंटीन में रखा गया है।
लखनऊ सदर बाजार इलाके में तब्लीगी जमात से लौटे 12 लोगों को संक्रमित पाए जाने के बाद, लखनऊ कैंट इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया है। इलाके में केवल क्विक रिस्पॉन्स टीम और मेडिकल टीमों के प्रवेश की अनुमति है।
गाजियाबाद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अनुसार जिले में कोरोना वायरस से संक्रमण के कुल 23 मामले हैं, जिनमें से तीन संक्रमित पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।
गौतमबुद्धनगर के जिला निगरानी अधिकारी ने बताया कि जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 58 हो गई है। इसमें आठ नए पॉजिटिव केस भी शामिल हैं।
लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय(केजीएमयू) में 16 नए मामलों की पुष्टि हुई है। कुछ दिनों की राहत के बाद एक बार फिर लखनऊ में संक्रमण बढ़ता नजर आ रहा है।
महाराजगंज में संक्रमित जमातियों के परिवार वालों की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। शनिवार को छह जमातियों को संक्रमित पाए जाने के बाद उनके परिवार वालों के 41 सैंपल लिए गए थे। आज सभी 41 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। हालांकि सभी को एहतियातन क्वारंटीन किया गया है।