फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in UP Live Updates: उत्तर प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा 1000 के पार, पांच जिले कोरोना मुक्त

Sun, 19 Apr 2020 01:02 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

खास बातें

पूरे देश के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। प्रदेश में शनिवार को 140 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। इसके बाद यूपी में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1017 हो गई हैं। यहां पढ़ें यूपी में कोरोना से जुड़ी हर अपडेट
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:14 AM, 19-Apr-2020

बदायूं में तीन और मिले कोरोना संक्रमित, संख्या हुई आठ

बदायूं जिले में पांच लोगों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद भी यह सिलसिला थमता दिखाई नहीं दे रहा है। शनिवार देर रात आई रिपोर्ट के बाद तीन और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें दस साल की एक बालिका भी शामिल है। 

01:01 AM, 19-Apr-2020

लखनऊ बना संक्रमण का बड़ा केंद्र, एक दिन में मिले 56 मरीज

कोरोना के संक्रमण का बड़ा केंद्र बनती जा रही राजधानी लखनऊ में शनिवार को 56 नए संक्रमित मिले। इनमें 8 राजधानी के मूल निवासी हैं जबकि 48 जमाती हैं। नौ लोगों की रिपोर्ट दोबारा पॉजिटिव आई है। इसके साथ ही राजधानी में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 176 हो गई है। इनमें से एक की मौत हो चुकी है। नौ मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं, यूपी में शनिवार को 140 नए केस सामने आए। प्रदेश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1017 हो गई है। आगरा व मेरठ में दो और मौतों के साथ आंकड़ा बढ़कर 16 हो गया है।

11:35 PM, 18-Apr-2020

आगरा में 45 संक्रमित और मिले, अब 241 मरीज

आगरा में 45 संक्रमित और मिले हैं। इनमें 21 केस अकेले पारस हॉस्पिटल के हैं। 2 मार्च को पहला केस मिलने के बाद 45 दिनों में यह पहला मौका है जब एक दिन में 45 केस मिले हैं। इससे पहले एक दिन में 39 मिल चुके हैं। अब आगरा में मरीजों की संख्या 241 हो गई है। 

विज्ञापन
11:14 PM, 18-Apr-2020

कोरोना जांच में सहयोग न कर पुलिस को धमकाया, मुकदमा दर्ज

बस्ती में कोरोना जांच में सहयोग न कर पुलिस को जानमाल की धमकी देने वाले एक परिवार के चार-पांच सदस्यों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। हॉटस्पॉट एरिया तुरकहिया से सटे माली टोला के रहने वाले इस परिवार के सदस्य कई बार हिदायत देने के बाद भी कोरोना टेस्ट कराने को तैयार नहीं हो रहे हैं।

09:37 PM, 18-Apr-2020

यूपी के पांच जिले कोरोना मुक्त घोषित

यूपी के पीलीभीत, महाराजगंज और हाथरस के बाद दो अन्य जिले बरेली व प्रयागराज भी शनिवार को कोरोना मुक्त घोषित कर दिए गए हैं। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने शनिवार को प्रेस वार्ता में ये जानकारी दी।

विज्ञापन
09:16 PM, 18-Apr-2020

शहरों व गांवों में छूटे निराश्रितों को चिह्नित कर शीघ्र दें 1000 रुपये भरण-पोषण भत्ता : योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लॉकडाउन से प्रभावित गरीब व कमजोर वर्गों को राहत पहुंचाने के लिए प्रत्येक लाभार्थी को एक-एक हजार रुपये भरण-पोषण भत्ते के वितरण की अब तक की प्रगति पर संतोष जताया है। उन्होंने अभियान चलाकर शेष निर्माण श्रमिकों, दिहाड़ी मजदूरों व निराश्रित लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि लॉकडाउन अवधि में शिक्षण संस्थानों, चिकित्सालयों व कार्यालयों के अस्थायी व आउटसोर्सिंग कर्मियों के मानदेय में कोई कटौती न की जाए। निजी क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों एवं अन्य कर्मियों को भी लॉकडाउन अवधि में मानदेय अवश्य दिया जाए।

09:06 PM, 18-Apr-2020

लखनऊ में कोरोना के नए मरीज मिलने से सात हॉटस्पॉट और बने

कोरोना के बढ़ते प्रकोप से राजधानी में सात और हॉटस्पॉट बनाए गए हैं। नए मरीज मिलने के बाद इन इलाकों को सील कर पुलिस तैनात कर दी गई है। इसके साथ शहर में कुल हॉटस्पॉट की संख्या 22 हो गई है।

09:01 PM, 18-Apr-2020

कोरोना: निजामुद्दीन मरकज से लौटे दो जमाती मिले

कोरोना संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए बागपत में शनिवार को ट्रेसिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान निजामुद्दीन मरकज से लौटे दो जमातियों मिले हैं जिन्हें बड़ौत के क्वारंटीन सेंटर भेजा दिया गया है। 

08:05 PM, 18-Apr-2020

कानपुर में एक और मदरसा छात्र की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई

उत्तर प्रदेश के कानपुर में शनिवार शाम को एक और मदरसा छात्र की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इससे पहले भी मदरसा के 8 छात्र कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ये वही छात्र हैं जो मदरसा में तब्लीगी जमात के संपर्क में आए थे। अब कानपुर में संक्रमिताें की संख्या 30 पहुंच गई है।

07:49 PM, 18-Apr-2020

फिरोजाबाद में मिले तीन कोरोना संक्रमित

फिरोजाबाद में शनिवार को कोरोना संक्रमित तीन लोग और मिले हैं। इनमें दो संक्रमित नए क्षेत्रों के हैं। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या अब 40 हो गई है।

07:11 PM, 18-Apr-2020

सहारनपुर में 14 नए कोरोना संक्रमित मिले

सहारनपुर में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, ताजा रिपोर्ट में 14 और कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने ने बताया कि संक्रमित मरीजों की संख्या 51 से बढ़कर हुई 65 हो गई है। 

06:21 PM, 18-Apr-2020

आगरा में चार जमातियों ने जीती कोरोना से जंग

आगरा में कोरोना वायरस के संक्रमण से ठीक होने के बाद जिला अस्पताल से शनिवार को चार लोग डिस्चार्ज कर दिए गए। ये सभी दिल्ली में तब्लीगी जमात में शामिल हुए थे। एहतियातन अभी ये लोग 14 दिन क्वारंटीन में रहेंगे। चिकित्सकीय टीम ने ताली बजाकर कोरोना को मात देन वाले इन जमातियों को हौसला बढ़ाया। 

05:46 PM, 18-Apr-2020

मेरठ में कोरोना पॉजिटिव शख्स की मौत

मेडिकल कॉलेज में कोविड-19 अस्पताल में भर्ती 52 वर्षीय चंद्रपाल की मौत हो गई है। उनकी कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉ. आर सी गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अब जो भी मरीज को सांस लेने में दिक्कत का आता है उन सभी की कोरोना की जांच कराई जाती है। उसी के तहत इनकी भी जांच कराई गई। 

05:32 PM, 18-Apr-2020

आगरा में सब्जी विक्रेता मिला कोरोना पॉजिटिव

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का सबसे बड़ा केंद्र बन चुके आगरा में चिंताजनक मामला सामने आया है। हरीपर्वत के फ्रीगंज क्षेत्र के चिम्मन लाल बाड़ा में एक सब्जी विक्रेता कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इससे इलाके में हड़कंप मच गया। 

शुक्रवार रात किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) लखनऊ से आई 24 संक्रमितों की रिपोर्ट में वो शामिल है। इसकी जानकारी मिलते ही बाड़ा के 2000 से ज्यादा लोगों ने खुद को होम क्वारंटीन (एकांतवास) में कर लिया है।

05:26 PM, 18-Apr-2020

आगरा में कोरोना से छठवीं मौत

आगरा में कोरोना वायरस का कहर थम नहीं रहा है। शनिवार को एक और मरीज ने दम तोड़ दिया। जिले में कोरोना से यह छठी मौत है। संक्रमित मरीज नई दिल्ली के जाफराबाद का रहने वाला था। यहां सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एसएन मेडिकल कॉलेज) के आइसोलेश वार्ड में भर्ती था। 

04:45 PM, 18-Apr-2020

फिरोजाबाद में कोरोना कंट्रोल रूम का कर्मचारी ही निकला संक्रमित

फिरोजाबाद में शुक्रवार रात को एक साथ 11 लोगों की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इससे प्रशासन में हड़कंप मच गया। इन संक्रमितों में एक सरकारी कर्मचारी भी शामिल है, जो कोरोना को लेकर जिला मुख्यालय पर बने कंट्रोल रूम में लिपिक है।

04:28 PM, 18-Apr-2020

10 नेपाली नागरिकों सहित 22 की कोराना जांच रिपोर्ट निगेटिव

कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले दिन ब दिन बढ़ते जा रहे हैं, लेकिन इस मामले में कुशीनगर के लोग अभी भी भाग्यशाली हैं कि यहां अब तक कराए गए 99 लोगों के सैंपल की जांच में किसी में इस जानलेवा बीमारी के लक्षण नहीं मिले हैं। अंतिम 22 सैंपलों की जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। इनमें 10 नेपाली नागरिक भी शामिल हैं।

03:52 PM, 18-Apr-2020

चिकित्साकर्मियों पर हमले से भड़कीं भाजपा सांसद हेमा मालिनी

कोरोना वायरस के खिलाफ जंग के बीच उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में चिकित्साकर्मियों पर हुए हमले की चौतरफा निंदा हो रही है। जनता से लेकर जनप्रतिनिधि तक इस घटना पर अपना गुस्सा जाहिर कर हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मथुरा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी ने इस घटना को बेहद ही शर्मनाक बताया है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकीय टीम पर हमला करने वाले कायरों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। हेमा ने ट्विटर पर एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में मुरादाबाद की घटना का जिक्र करते सांसद ने कहा कि लॉकडाउन 2 के बाद भी कुछ लोग ऐसी शर्मनाक हरकतें कर रहे हैं। मुरादाबाद में कुछ लोगों ने एंबुलेंस पर हमला कर दिया। चिकित्साकर्मियों पर पत्थर बरसाए। शर्म कीजिए..., थोड़ी इंसानियत जिंदा रखिए।

03:19 PM, 18-Apr-2020

कानपुर में ड्रोन ने 193 लोगों को पहुंचवाया जेल

लॉकडाउन में ड्रोन से निगरानी पुलिस के लिए असरदायी साबित हुआ है। ड्रोन के डर से छतों पर न तो भीड़ इकट्ठा हुई और न ही समूह में नमाज अदा की गई। वहीं, शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे से 193 लोगों को चिह्नित कर लॉकडाउन उल्लंघन के मामले में जेल भेजा गया है।

03:01 PM, 18-Apr-2020

कानपुर: रावतपुर क्रॉसिंग के पास उड़ीं सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के ही रावतपुर क्रॉसिंग के पास स्थित एक स्कैन सेंटर के बाहर लोग भीड़ लगाकर खड़े नजर आए। यहां खुलेआम सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ती दिखीं। छपेड़ा पुलिया चौराहे पर रोज लगने वाली सब्जी मंडी आज नहीं लगी। यहां फलों और सब्जियों के एक भी ठेले नहीं दिखाई दिए। यहां लोग घरों में ही कैद रहे।

02:54 PM, 18-Apr-2020

कानपुर: कल्याणपुर पनकी रोड पर सन्नाटा 

कानपुर के गुरुदेव चौराहे पर पुलिस मुस्तैद रही। यहां से आने-जाने वाले दो पहिया व चार पहिया वाहनों को रोककर पुलिस पूछताछ करती नजर आई। इसके अलावा कल्याणपुर पनकी रोड पर सन्नाटा दिखाई दिया। कल्याणपुर पुराना शिवली रोड पर भी सन्नाटा रहा। आवास विकास तीन सब्जी मंडी में भी एक भी ठेला नहीं लगा। 

02:41 PM, 18-Apr-2020

संभल में छाता बनाने के कारखाने में मिले 27 मजदूर

संभल के चंदौसी में शनिवार को छाता बनाने के कारखाने में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। यहां 27 मजदूर कारखाने के अंदर छाता बनाने का काम करते हुए मिले हैं। हेल्थ चेकअप कराने के लिए सभी मजदूरों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सरकारी अस्पताल बुलाया है।

02:24 PM, 18-Apr-2020

चित्रकूट में जिला प्रशासन की सख्ती बरकरार

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में लॉकडाउन को लेकर जिला प्रशासन की सख्ती सुबह से जारी रही। बेड़ी पुलिया के पास वाहनों की चेकिंग हुई। 

02:12 PM, 18-Apr-2020

इटावा में उड़ीं सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां

इटावा जिले में किराने की दुकान पर खरीदारी करते लोगों की भीड़ दिखाई दी। यहां लोग सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ाते नजर आए।

01:55 PM, 18-Apr-2020

कानपुर देहात में पुलिस की सख्ती जारी

कानपुर देहात में लॉकडाउन के चलते जिला पुलिस की सख्ती सुबह से जारी रही। उपनिरीक्षक नेहा यादव पुखरायां पीएनबी शाखा के बाहर शून्य बैलेंस खाताधारकों को सोशल डिस्टेंसिंग की हिदायत देती नजर आईं।
 

01:32 PM, 18-Apr-2020

नेपाल में दिल्ली और यूपी के 12 लोग मिले कोरोना पॉजिटिव

भारत नेपाल सीमा विराटनगर के रास्ते लॉकडाउन के दौरान नेपाल में अवैध रूप से प्रवेश किए दिल्ली और यूपी के रहने वाले 12 लोगों को एक मस्जिद से नेपाल पुलिस ने पकड़ा है। कोरोना वायरस की जांच में सभी भारतीय नागरिक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

01:16 PM, 18-Apr-2020

अंडे खरीदने घर से निकले कट गया 2500 रुपये का चालान

लॉकडाउन में पुलिस के पकड़ने पर लोग तरह-तरह के बहाने बना रहे हैं। कोई कूलर की घास लेने जाने की बात कह रहा है तो कोई अंडे खरीदने की। आगरा में पुलिस ने हरीपर्वत चौराहे पर एक व्यापारी का 2500 रुपये का चालान काटा। उनका कहना था कि वो अंडे लेने निकले हैं। 
 

12:54 PM, 18-Apr-2020

मेरठ में कोरोना संदिग्ध की मौत

मेरठ के मेडिकल कॉलेज के कोविड-19 अस्पताल में भर्ती एक व्यक्ति की शनिवार सुबह मौत हो गई है। हालांकि अभी उनकी कोरोना की रिपोर्ट नहीं आई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि वह कोरोना पॉजिटिव था या निगेटिव। प्राचार्य डॉ. आर सी गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है।

12:42 PM, 18-Apr-2020

महराजगंज जिला कोरोना मुक्त हुआ

महराजगंज जिला कोरोना मुक्त हो गया है। इसमें उन चिकित्सकों का अहम योगदान है, जिन्होंने दिन रात एक कर आइसोलेशन वार्ड में सतर्कता, संयम एवं साहस से काम लिया। यहीं कारण है कि कोरोना पॉजिटिव छह मरीज करीब 10 दिन में ही स्वस्थ्य हो गए।  उनकी तीसरी जांच में यह खुलासा हुआ है। अब उन्हें क्वारंटीन में रखने की व्यवस्था की जाएगी। स्वस्थ हुए मरीजों के परिजन भी ठीक हैं। 

12:27 PM, 18-Apr-2020

मुजफ्फरनगर: पांच दिन से नहीं मिला कोई पॉजिटिव केस

मुजफ्फरनगर प्रशासन की ओर से किराना, दूध डेयरी, फल सब्जी के अलावा मेकैनिक, स्पेयर पार्ट्स, बीज की दुकानें खोलने की छूट दिए जाने से नागरिकों के साथ किसानों ने भी राहत की सांस ली है। जनपद में बीते 5 दिनों में कोरोना पॉजिटिव का कोई नया केस नहीं मिलने से प्रशासन ने हॉट स्पॉट क्षेत्रों से कुछ इलाकों को अलग करने की योजना बनाई है। कुछ इलाकों में किसानों को खेती कार्य करने की अनुमति दी गई है। 

12:08 PM, 18-Apr-2020

सीएम ने अधिकारियों के दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राजधानी लखनऊ स्थित लोक भवन में कोरोना वायरस के संबंध में समीक्षा बैठक की। इस दौरान सीएम योगी ने अधिकारियों को श्रमिकों की समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यूपी में लॉकडाउन के बाद श्रमिकों की समस्याओं को देखते हुए सरकार ने निजी क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों को अपने कर्मचारियों के वेतन के भुगतान का निर्देश दिया था। इसके बाद प्रदेश की औद्योगिक इकाइयों में 512 करोड़ का भुगतान हो चुका। प्रदेश के करीब 24 लाख श्रमिकों को 1000 की राहत राशि का भुगतान हो चुका है। मुख्यमंत्री ने बचे हुए अन्य लोगों को भी युद्ध स्तर पर राहत राशि देने के निर्देश दिया है। 
 

11:51 AM, 18-Apr-2020

सहारनपुर में सफाई कर्मचारी ने पुलिस पर लगाया पिटाई का आरोप

सहारनपुर नगर निगम के सफाई कर्मचारी ने पुलिस पर पिटाई करने का आरोप लगाया है। साथी कर्मचारी की पिटाई से नाराज सफाई कर्मियों ने सुबह ही सफाई व्यवस्था ठप कर दी है। निगम के गैराज के पास जुटे सभी सफाईकर्मियों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया है। पुलिस के अफसर और निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे गए हैं। 

11:40 AM, 18-Apr-2020

सहारनपुर में थाना मंडी आज बंद है

कोरोना संक्रमण के कारण सहारनपुर में सबसे महत्वपूर्ण थाना मंडी आज बंद है। अस्थायी रूप से दूसरी जगह मंडी को शिफ्ट किया जाएगा। अतिसंवेदनशील देवबंद पूरी तरह से सील कर दिया गया है। लोगों को क्वारंटाइन कराने के साथ-साथ सैंपल भी लिए जा रहे हैं। 

11:35 AM, 18-Apr-2020

धर्मनगरी काशी में कोरोना को हराने के लिए शुरू हुआ सैनिटाइजेशन

वाराणसी के हॉटस्पॉट क्षेत्र मदनपुरा में गरुड़ ड्रोन से सैनिटाइजेशन का काम शुरू हो गया है। दिल्ली से ड्रोन और छत्तीसगढ़ से बैटरी आने के बाद सात सदस्य हरीहरन की टीम ने मदनपुरा इलाके से सैनिटाइजेशन का काम शुरू कर दिया है।
 

11:04 AM, 18-Apr-2020

लखनऊ: केजीएमयू की रिपोर्ट में 64 लोग कोरोना पॉजिटिव

लखनऊ स्थित केजीएमयू की रिपोर्ट के अनुसार आज 64 लोगों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इनमें 11 ऐसे लोग है जिनकी रिपोर्ट पहले भी भेजी जा चुकी थी, जांच के लिए इन्हें दोबारा भेजा गया था। जबकि 53 लोग नए संक्रमित मिले हैं। इनमें 44 लोग बहारी हैं, जो लखनऊ के GCRG मेडिकल कॉलेज में क्वारंटीन किए गए हैं। जबकि नौ लोग लखनऊ के हैं, इनमें पांच सदर, दो नया गांव और दो तोपखाना के हैं। सीएमओ नरेंद्र अग्रवाल ने इसकी पुष्टि की है। अब उत्तर प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 946 हो गया है।

10:56 AM, 18-Apr-2020

उत्तर प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा 1000 के पार, पांच जिले कोरोना मुक्त

प्रदेश में शुक्रवार को शुक्रवार को 68 नए मरीज सामने आए थे। जिसके बाद शुक्रवार तक नोवेल कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 882 हो गई थी। प्रदेश में शनिवार को 64 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। जिसके बाद यूपी में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 946 हो गई हैं। वहीं, अब तक यूपी में कोरोना वायरस से 14 लोगों ने जान गंवाई है।
शुक्रवार को सबसे ज्यादा 24 मामले आगरा से आए। वहीं फिरोजाबाद में 11, लखनऊ में 7, मुरादाबाद में 6 वाराणसी 5, सीतापुर 3, कानपुर, मैनपुरी, बुलंदशहर 2-2, संभल, गोंडा, औरैया, मेरठ, इटावा, गाजियाबाद में 1-1 नए केस मिले। शुक्रवार को संक्रमित मरीजों के मिलने वाले जिलों में गोंडा का नाम भी जुड़ गया है। अब तक प्रदेश के 49 जिलों तक संक्रमण पहुंच गया है। जबकि तब्लीगी जमात से जुड़े 510 से ज्यादा लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है।
 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें