उत्तर प्रदेश में टीकाकरण 19 करोड़ के पार हो गया है। इतनी बड़ी संख्या में टीकाकरण करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कोरोना संक्रमण के नए वैरिएंट के खिलाफ टीकाकरण ही हथियार है। इसलिए सरकार प्रदेशवासियों को जल्द से जल्द टीका कवच देने में जुटी है।
बुधवार को 11.13 लाख लोगों का टीकाकरण किया गया। इस तरह कुल टीकाकरण 19 करोड़ एक हजार हो गया है। इसमें पहली डोज 12.36 करोड़ और दूसरी डोज 6.63 करोड़ से अधिक हो गई है।
क्लस्टर मॉडल से सफलता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहरों के साथ ही ग्रामीण इलाके में भी टीकाकरण बढ़ाने का निर्देश दिया था। इसके तहत क्लस्टर 2 मॉडल बनाया गया है। इससे टीकाकरण की दूसरी डोज लगाने की रफ्तार बढ़ रही है। जिन ग्रामों, मोहल्लों में प्रथम डोज लगाने का कार्य सफलतापूर्वक किया गया था, अब उन ग्रामों में क्लस्टर मॉडल के तहत दूसरी डोज को लगाने का काम किया जा रहा है।