लखनऊ। बाजारखाला स्थित योगानंद बालिका इंटर कॉलेज में दशहरा पर मंगलवार रात आयोजित डांडिया कार्यक्रम में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से मारपीट का मामला सामने आया है। विहिप के जिला सुरक्षा प्रमुख देवेंद्र सिंह ने आयोजन में दूसरे धर्म के लोगों के शामिल होने का आरोप लगाते हुए बाजारखाला थाने में प्रदर्शन किया। पुलिस ने देवेंद्र की तहरीर पर 12 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
हजरतगंज के दारुलशफा निवासी देवेंद्र के मुताबिक, सोमवार रात बजरंग दल कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि कार्यक्रम में दूसरे धर्म के लोग शामिल हो रहे हैं। इस पर वह अन्य कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद एक व्यक्ति ने खुद को आयोजन समिति का सदस्य बताते हुए उनसे अभद्रता की। विरोध करने पर आलम, सनी समेत 12 लोगों ने उनकी और अन्य कार्यकर्ताओं की पिटाई कर दी। इसमें आयुष शुक्ला को गंभीर चोटें आईं। देवेंद्र का आरोप है कि एक युवक ने खुद को पार्षद बताते हुए कमर में लगी पिस्ताैल दिखाकर धमकी दी। कार्यक्रम में मौजूद एक बाउंसर पर भी मारपीट का आरोप लगाया गया है।
घटना से नाराज कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पहुंचे एसीपी बाजारखाला रंजीत कुमार और इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह ने समझाकर उन्हें शांत कराया। इंस्पेक्टर ने बताया कि 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।