लखनऊ के चिनहट इलाके में हाईस्कूल के प्री-बोर्ड में बेटे के नंबर कम आने से बौखलाए ठेकेदार राकेश उपाध्याय ने उसके ट्यूटर प्रशांत शर्मा को बंधक बनाकर पीटा। कनपटी से रिवॉल्वर सटाकर सोेने की चेन व अंगूठी उतरवाई।
प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार शाही ने बताया कि प्रशांत शर्मा ने छोटा भरवारा निवासी ठेकेदार राकेश उपाध्याय पर बंधक बनाकर पीटने, रिवॉल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी, मोबाइल फोन, पर्स, एटीएम कार्ड छीनने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है।
प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, प्रशांत सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहा है। ट्यूशन पढ़ाकर घर का खर्च चलाता है। जयपुरिया कॉलेज में हाईस्कूल के छात्र देव उपाध्याय को इसी साल मई से ट्यूशन पढ़ा रहा है। प्रशांत के मुताबिक, वह सोमवार रात नौ बजे देव को ट्यूशन पढ़ाने उसके घर पहुंचा।
राकेश ने उसे बंधक बना लिया और नंबर कम आने पर नाराजगी जताते हुए प्रशांत की डंडे से बेतहाशा पिटाई करके दोनों कंधे और घुटने सुजा डाले। इसके बाद कनपटी से रिवॉल्वर सटाकर जान से मारने की धमकी देते हुए लिखाया कि प्रशांत अच्छी तरह से ट्यूशन नहीं पढ़ा रहा था।
राकेश ने चेन, अंगूठी के साथ पर्स, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन आदि छीन लिए। धमकी दी कि अब तक की फीस के 32 हजार रुपये 24 घंटे में न लौटाने पर जान से मार देगा। बुरी तरह पिटाई के बाद प्रशांत किसी तरह घर पहुंचा। छोटे भाई को लेकर विभूति खंड थाने पहुंचा।