मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चीनी मिलों के सुचारू संचालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। ताकि, किसानों को चीनी मिलों में गन्ने की आपूर्ति में कोई समस्या न हो। साथ ही गन्ना किसानों को बुआई के लिए गन्ने की बेहतर वेराइटी उपलब्ध कराए जाने के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री रविवार को अपने सरकारी आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने धान खरीद की लगातार समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को एमएसपी के तहत अपनी उपज बेचने में कोई दिक्कत न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन गांव में विकास योजनाओं को उत्कृष्ट ढंग से लागू किया गया है, उन्हें मॉडल के रूप में प्रस्तुत करते हुए वहां जनप्रतिनिधियों का भ्रमण कराया जाए। इससे अन्य ग्रामों में भीविकास कार्यों को बेहतर ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि एफपीओ (कृषक उत्पादक संगठन) के गठन को बढ़ावा दिया जाए। इनकी गतिविधियों को निर्यात के साथ जोड़कर निर्यात बढ़ाने के लिए कार्य किया जाए। उन्होंने जिलों की मैपिंग कराकर उनकी जीडीपी भी तय किए जाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान’ (पीएम कुसुम योजना) उतर प्रदेश में भी संचालित है। इस योजना के अंतर्गत सोलर पंपों की स्थापना की जा रही है। यह कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए। बैठक में मुख्य सचिव आरके तिवारी समेत सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।