कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को 29 और प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी कर दी। इसमें छह वर्तमान विधायकों पर पार्टी ने फिर से भरोसा जताया है। जबकि चार पूर्व सांसदों को भी पार्टी ने टिकट दिया है।
संगठन से दो नेताओं को टिकट दिया गया है। इसमें युवा नेता तरुण पटेल को पार्टी ने गौरा सीट से फिर टिकट दिया है। 2014 के लोकसभा चुनाव में भी पार्टी ने उन्हें टिकट दिया था। जोनल प्रभारी वीरेन्द्र चौधरी को भी टिकट मिला है।
जिन छह विधायकों को टिकट मिला है उनमें जगदीशपुर से राधेश्याम कनौजिया, तमकुही राज से अजय कुमार लल्लू, रूद्रपुर से अखिलेश प्रताप सिंह, जौनपुर से नदीम जावेद, पिंडरा से अजय राय व मड़िहान से ललितेश पति त्रिपाठी शामिल हैं।
इनके अलावा जिन चार पूर्व सांसदों को टिकट दिया गया है उनमें महाराजपुर से राजा रामपाल, महरौनी से बीएल खाबड़ी, खजनी से कमल किशोर कमांडो व वाराणसी साउथ से राजेश कुमार मिश्रा शामिल हैं।
हाल ही में बसपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए वारिस अली को नानपारा से पार्टी ने टिकट दिया है। उन्हें यूपी प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने नानपारा जाकर कांग्रेस जॉइन कराया था। अब पार्टी ने उन्हें विधायकी का टिकट दे दिया है।