लखनऊ। प्राविधिक शिक्षा परिषद ने पॉलीटेक्निक की सेमेस्टर, संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद ने प्रवेश परीक्षा की प्रस्तावित तिथि जारी की है। ऐसे में प्रधानाचार्यों के सामने परीक्षा कराने की चुनौती बढ़ गई है।
राजकीय, अनुदानित, निजी पॉलीटेक्निक की सेमेस्टर परीक्षाएं 17 मई से शुरू होंगी। संयुक्त प्रवेश परीक्षा भी 20 मई से शुरू हो रही है। दोनों परीक्षा के दौरान प्रधानाचार्यों और शिक्षकों की उपस्थिति जरूरी है। संयुक्त प्रवेश परीक्षा ऑनलाइन सेंटर पर होगी, लेकिन निगरानी के लिए राजकीय और अनुदानित प्रधानाचार्यों को नोडल अफसर बनाया गया है।
प्रधानाचार्यों ने बताया कि 17 मई से 4 जून तक सेमेस्टर परीक्षा, 14 मई से 6 मई तक विशेष बैक पेपर की परीक्षा और 9 से 17 जून तक फार्मेसी परीक्षा की प्रस्तावित तिथि जारी की गई है। वहीं, 20 से 28 मई तक संयुक्त प्रवेश परीक्षा की तिथि भी निर्धारित की गई है। प्राविधिक शिक्षा परिषद के अफसरों के मुताबिक, सेमेस्टर, फार्मेसी और बैक पेपर परीक्षा की अभी प्रस्तावित तिथि है। प्रवेश परीक्षा में दिक्कत न हो इस पर ध्यान दिया जाएगा।