आजाद विहार के पास एक्सप्रेसवे का कंक्रीट टूटकर नीचे गिरा।
सरोजनीनगर। लखनऊ-कानपुर मार्ग पर सोमवार सुबह आजाद विहार के पास अचानक एक्सप्रेसवे का कंक्रीट टूटकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि कंक्रीट का मलबा किसी वाहन या राहगीर पर नहीं गिरा। इससे बड़ा हादसा बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना सुबह करीब नौ बजे कानपुर से लखनऊ आने वाले मार्ग पर हुई। कंक्रीट गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। कुछ देर तक लोगों ने वहां से गुजरने में सावधानी बरती।
जानकारी मिलने पर एक्सप्रेसवे का रखरखाव करने वाली पीएनसी कंपनी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क पर पड़ा मलबा हटाकर रास्ता साफ कराया। घटना से एक्सप्रेसवे की सुरक्षा और निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।