आबिद खेड़ा गांव में बना सामुदायिक शौचालय।
लखनऊ। विकासखंड काकोरी की ग्राम पंचायत अतिरिक्त टाउन एरिया अंतर्गत आबिद खेड़ा गांव में वित्तीय वर्ष 2020-21 में लाखों रुपये की लागत से बना सामुदायिक शौचालय आज तक उपयोग में नहीं आ सका। शौचालय की हालत खंडहर जैसी हो चुकी है। अंदर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। वहां न तो अब तक सबमर्सिबल बोरिंग कराई गई और न ही पानी की कोई व्यवस्था की गई।
सरोज राजपूत व अन्य ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के करीब पांच साल बीत जाने के बावजूद संबंधित विभाग और अधिकारियों ने कभी इस ओर ध्यान नहीं दिया। शौचालय तक जाने के लिए रास्ता तक नहीं है। शौचालय में लगी सीटें, टाइल्स और पत्थर टूटने लगे हैं। बीडीओ भानु सिंह ने बताया कि एडीओ पंचायत श्रीकृष्ण को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। शौचालय को जल्द ही शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।