लखनऊ। दुबग्गा स्थित तुलसी हॉस्पिटल में आंत के ऑपरेशन के बाद हुए संक्रमण से मरीज की मौत मामले में स्वास्थ्य विभाग ने दाे सदस्यीय जांच कमेटी बनाई है। कमेटी ने अस्पताल संचालक को नोटिस भेजकर इलाज से जुड़े रिकार्ड तलब किए हैं। वहीं, पीड़ित परिजनों को भी बयान दर्ज करने के लिए बुलाया है।
उन्नाव के मवई गांव के निवासी विनोद कुमार की पिछले महीने अचानक तबीयत खराब हो गई थी। परिजन उन्हें कुंदन हॉस्पिटल रहीमाबाद ले गए थे। वहां डॉ. सत्य प्रकाश ने उन्हें तुलसी हॉस्पिटल भेज दिया। जहां अस्पताल प्रबंधक ने आंत के ऑपरेशन करने के बदले साढ़े तीन लाख रुपये वसूल लिए थे। ऑपरेशन के बाद संक्रमण होने पर दोबारा ऑपरेशन किया गया, मगर संक्रमण ठीक नहीं हुआ।
भाई राजेंद्र ने इसकी शिकायत सीएमओ से की थी। इससे नाराज अस्पताल प्रशासन ने जबरन मरीज को डिस्चार्ज कर दिया था। परिजनों के पास इलाज के लिए रुपये न होने पर वह विनोद को 23 जून को घर लेकर चले गए थे और घर पहुंचने के थोड़ी ही देर बाद उनकी मौत हो गई थी। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया दो सदस्यीय जांच कमेटी बनाई गई है। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।