लखनऊ। कॉलेज बंक कर आईटी की अठखेलियां, लवर लेन के चक्कर और मेफेयर का सिनेमा। 55 साल बाद मिले कॉल्विन कॉलेज के पूर्व विद्यार्थियों के सामने रविवार को एक-एक यादें चलचित्र की तरह ताजा हो उठीं। मौका था कॉल्विन कॉलेज के वर्ष 1970 बैच के विद्यार्थियों के पुनर्मिलन समारोह का।
अपने 55वें पुनर्मिलन के मौके पर भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के सेवानिवृत्त निदेशक विक्रम राय, भारत ज्योति के संस्थापक अध्यक्ष और गुजरात के सेवानिवृत्त पुलिस महानिदेशक दीपक स्वरूप ने यह कार्यक्रम आयोजित किया था। इस मौके पर पूर्व छात्रों ने पुरानी यादें साझा कीं। डॉ. नवीन जैन की अगुवाई में गोमतीनगर के एक होटल में हुए समारोह में लखनऊ की चाट और अवधी लंच के साथ सत्र का समापन हुआ। गोल्फ क्लब में हुए दूसरे सत्र में नीरा आचार्य, विक्रम राय और प्रदीप मेहरोत्रा ने अपने मधुर गीतों से मेहमानों का भरपूर मनोरंजन किया।
यूपी बोर्ड मेरिट सूची में शामिल थे बैच के पांच विद्यार्थी
दीपक स्वरूप ने बताया कि उस समय कॉलेज यूपी बोर्ड का प्रतिष्ठित विद्यालय था। 1970 बैच के पांच विद्यार्थियों ने उस समय यूपी बोर्ड की मेरिट में भी स्थान बनाया था।