जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ हरिओम श्रीवास्तव को मसौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ विजय प्रताप सरोज से 20000 नगद घूस लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई लखनऊ से आई विजिलेंस टीम ने शुक्रवार रात करीब 8:45 बजे किया।
सीएमओ को उनके आवास से हिरासत में लेने के बाद नगर कोतवाली पुलिस को सुपुर्द किया गया है। विजिलेंस की टीम मामले में एफ आई आर दर्ज करा रही है।
बताते हैं कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मसौदा पर तैनात डॉ. विजय प्रताप सरोज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी से स्थानांतरण के लिए प्रयासरत थे। वह दूसरी सीएचसी पर बतौर अधीक्षक तैनाती चाहते थे। आरोप है कि इसके लिए सीएमओ ने उनसे 20000 नकद की मांग की।
डॉ. सरोज ने इस बात को लखनऊ स्थित विजिलेंस कार्यालय में कंप्लेंट किया। यहां से शासन की अनुमति के बाद विजिलेंस की टीम सीएमओ को रंगे हाथ पकड़ने के लिए अयोध्या पहुंची। इस बीच डॉ. विजय प्रताप सरोज ने सीएमओ से मिलने के लिए वक्त मांगा।
सीएमओ ने उन्हें शुक्रवार को देर शाम आवास पर आने के लिए कहा। जैसे ही सरोज उनके आवास पहुंचे चाय के बाद उन्होंने 20000 नगद निकालकर सीएमओ को पकड़या। इसी बीच विजिलेंस की टीम कमरे में दाखिल हुई और सीएमओ को घूस लेने के आरोप में हिरासत में ले लिया। सीएमओ को नगर कोतवाली लाया गया।
सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी अनुज कुमार झा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी कोतवाली पहुंचे। अधिकारियों ने सीएमओ और विजिलेंस से मामले की जानकारी ली, इसके बाद डीएम करीब 9:15 कोतवाली से अपने आवास चले गए।
डीएम ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के मुखिया की गिरफ्तारी की सूचना पर वह हकीकत पता करने कोतवाली आए थे। विजिलेंस की टीम मामले में कार्यवाही को लेकर जानकारी देगी। सीओ सिटी अरविंद चौरसिया का कहना है अभी विजिलेंस टीम मामले की तहरीर तैयार कर रही है, मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।
गौरतलब है कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिओम श्रीवास्तव अयोध्या जिले में लंबे समय से तैनात हैं। जिला अस्पताल में सर्जन के रूप में कार्य कर रहे थे। फिर जिला अस्पताल के सीएमएस बनाए गए। पिछले करीब दो साल से वे बतौर सीएमओ कार्यरत हैं।