प्रयागराज रेलवे जंक्शन पर तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार और रेलवे के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाये रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों के लिए रेलवे सबसे सुलभ साधन है। लगभग 10 करोड़ लोग इस बार ट्रेन से महाकुंभ आएंगे। विभिन्न प्रांतीय भाषाओं में रेलवे अनाउंसमेंट किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को रेलवे स्टेशन से महाकुंभ मेला क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए रोडवेज की बसें भी उपलब्ध कराई जाएंगी। रेल अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस बार प्रयागराज जंक्शन पर 22 हजार लोगों के रुकने की क्षमता के साथ अलग-अलग आश्रय स्थल बनाये गए हैं। पूरे शहर में रेलवे ने 01 लाख लोगों के रुकने के प्रबंध किए हैं।
मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट जाकर वहां के काम देखे और कार्यों पर संतोष जताया। उन्होंने जनवरी के पहले सप्ताह में सभी कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया। महाकुंभ में बड़ी संख्या में लोग एयरपोर्ट से भी प्रयागराज आएंगे। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारी पूरी की जाए। प्रयागराज एयरपोर्ट के निदेशक मुकेश उपाध्याय ने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट साइट पर पूरा ले आउट प्लान भी देखा। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट पर महाकुंभ को लेकर युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। सभी काम 31 दिसंबर तक पूरे कर लिए जाएंगे।