लखनऊ में छठ मईया की पूजा
- फोटो : अमर उजाला
भूल चूक हमरी मईया,रखब ना दे अंगिया, देखब हे छठी मईया…, जोड़े जोड़े फलवा सुरुज देव घटवा वे तीवई चढ़ावेले हो...गूंजते छठ गीत, चारों तरफ सजी सुशोभिताएं, बीच-बीच में होती आतिशबाजी, ढोल की धुन पर थिरकते परिवार, लोक संस्कृति की पहचान कलाकारों से सजा मंच, छठ के महापर्व में लोगों की गहरी आस्था को दर्शा रहा था। कमर तक पानी में खड़ी व्रती महिलाओं के चेहरे की चमक निराजल व्रत के तप से मानो और निखर आई हो। सोलह सिंगार, नाके से माथे तक भरा सिंदूर और निराजल व्रत के तप से गोमा का तट भी जगमगा रहा था। लक्ष्मण मेला छठ घाट, झूलेलाल घाट, सांझिया व कुड़ियाघाट पर ऐसा ही नजारा था। वहीं घरों, अपार्टमेंट, कॉलोनी, मुहल्लों में भी कुछ ऐसा ही उल्लास था। रविवार शाम को सभी ने अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य दिया व छठी माई की अराधना की।
लखनऊ में अपार्टमेंटों में धूमधाम से छठ मइया की पूजा की गई। किसी अपार्टमेंट में स्वीमिंग पुल को कुंड बनाया गया तो कहीं छत पर टब में पूजा गई। बीबीडी ग्रीन के सनब्रीज 1 अपार्टमेंट में बड़े बॉथटब को कुंड बनाया गया। कुंड में पुष्प व इत्र डालकर महिलाओं ने पूजा की। पारंपरिक वस्त्रों में सजी-धजी महिलाओं ने खूब सेल्फी भी लीं। गोमतीनगर स्थित कल्पतरु अपार्टमेंट में महिलाओं ने अपार्टमेंट के स्वीमिंग पूल को कुंड बनाया। अपार्टमेंट से रामकुमार यादव ने बताया कि महिलाओं ने इस बार बड़े चक ढंग से परिसर में पूजा की। गोमतीनगर के विशाल खंड-1 में उद्यमी संजय सिहं व पत्नी सोनू सिंह ने छत पर कुंड के रूप में बनी नांद में पूजा की। नांद में स्वच्छ जल भरा, उसे चारों तरफ से फूलों और लाइटों से सजाया। संजय सिंह ने बताया कि एक वर्ष पूर्व यह नांद बनवाई थी ताकि घर पर ही पत्नी धूमधाम से पूजा कर सकें।
दोपहर से ही पहुंचने लगे श्रद्धालु
छठ मेला का मुख्य आयोजन लक्ष्मण मेला स्थल पर बने छठ घाट पर हो रहा है। सुबह से ही ठेले वालों ने अपनी-अपनी दुकानें सजा ली थीं, मंच पर कलाकार भी सक्रिय थे और छठ मइया के गीत गूंज रहे थे। पूजा के लिए श्रद्धालुओं का आना दोपहर में शुरू हो गया था। पहुंच कर पूजन की तैयारी करना, सुशोभिता को सजाना और साथ में सेल्फी लेने का सिलसिला लगातार जारी रहा। तीन बजे तक तो पूरा मेला स्थल भर चुका था। पूजन स्थल तक पहुंचने के लिए जमीन तलाशनी पड़ रही थी कि कहां पैर रख-रख कर आगे बढ़ा जाए।
लखनऊ में छठ मईया की पूजा
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को छठ मेला घाट पर 4..30 बजे पहुंचना था। इससे पहले सीएम सिक्योरिटी सक्रिय हो चुकी थी। वहीं व्रती महिलाएं भी कमर तक पानी में उतर चुकी थीं। उनके हाथों में सामान को संभालने में सहयोग देने के लिए परिवार के सदस्य भी आसपास खड़े रहे। महिलाओं की सुरक्षा के लिए उनके दोनों तरफ महिला पुलिस कर्मी भी रस्सी थामे पानी में घंटों खड़ी रहीं। इस पल को कैमरों में कैद करने के लिए परिवार के लोग कैमरे, मोबाइल फोन से फोटो खींचने में व्यस्त रहे।
पति को मिली सरकारी नौकरी, पत्नी ने यूं जताया छठ माता का आभार
सांझिया घाट पर पूजन के लिए पहुंचने वाली कमलेशवती ने पति की सरकारी नौकरी लगने पर छठ माता का आभार जताया और साष्टांग दंडवत करते हुए घाट पर पहुंचीं। संतोष ने संतान की कामना में दंडवत की और पूजन स्थल तक पहुंचीं। सांझिया घाट पर पूजन का आयोजन भोजपुरी छठ पूजा समिति की ओर से किया जा रहा है।