फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम योगी बोले: यूपी के पिछड़े जिलों में हो पर्याप्त शिक्षकों की तैनाती, तत्काल भरे जाएं वहां के रिक्त पद

Fri, 13 Oct 2023 09:39 PM IST
रोहित मिश्र अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

सीएम ने कहा कि कक्षा 06 से 08 तक चल रहे 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के उच्चीकरण का काम जल्द पूरा किया जाए। इसमें 136 विद्यालयों का उच्चीकरण किया गया है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है कि पिछड़े (आकांक्षात्मक) जिलों में चल रहे सभी बेसिक, माध्यमिक, उच्च, प्राविधिक व व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों में प्राथमिकता के साथ पर्याप्त शिक्षकों की तैनाती की जाए। शिक्षण संस्थानों में कहीं भी शिक्षकों व अन्य मानव संसाधन का अभाव न हो।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री शुक्रवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में उन्होंने निर्माणाधीन विद्यालयों/महाविद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक की अद्यतन स्थिति जानी और शिक्षक-छात्र अनुपात को मानक के अनुसार बनाने के निर्देश दिए। कहा, जहां शिक्षक ज्यादा हैं, उन्हें समायोजित किया जाए। सीएम ने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षकों की तैनाती में मेरिट का ध्यान रखें। जहां पद खाली हैं वहां तत्काल तैनाती की जाए।

सीएम ने कहा कि कक्षा 06 से 08 तक चल रहे 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के उच्चीकरण का काम जल्द पूरा किया जाए। इसमें 136 विद्यालयों का उच्चीकरण किया गया है। दिसंबर तक यहां शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया भी पूरी की जाए। 57 जिलों में एक-एक ''मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय'' स्थापना की तैयारी तेज करें। इसके परिसर के लिए 5-10 एकड़ की भूमि चिह्नित की जाए। पीएम श्री के पहले चरण में चयनित 925 शासकीय विद्यालयों के उच्चीकरण का काम दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया।
विज्ञापन


गोरखपुर सैनिक स्कूल का निर्माण दिसंबर तक पूरा कराएं
बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि गोरखपुर में निर्माणाधीन प्रदेश के चौथे सैनिक स्कूल का निर्माण दिसंबर तक पूरा करें। दिसंबर में प्रवेश परीक्षा कराकर सत्र 2024-25 से यहां पठन-पाठन शुरू किया जाए। हर संस्थान समय से सत्र की शुरुआत और समय पर परीक्षा का आयोजन। बेसिक व माध्यमिक विद्यालयों में पाठ्य पुस्तक वितरण फ़रवरी 2024 तक किया जाए। डीबीटी से यूनिफार्म, जूते व स्टेशनरी के लिए पैसा अप्रैल में भेजा जाए।

नए राज्य विश्वविद्यालयों के लिए चिन्हित करें भूमि
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि देवीपाटन मंडल में मां पाटेश्वरी देवी राज्य विश्वविद्यालय, विंध्याचल धाम मंडल में मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय और मुरादाबाद मंडल में प्रस्तावित राज्य विश्वविद्यालय के लिए भूमि चयन जल्द करें। औपचारिकताओं को पूरा कराते हुए इनकी स्थापना के संबंध में अधिसूचना जारी करें। वहीं मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय सहारनपुर, राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय अलीगढ़, महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय आजमगढ़ और जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय बलिया में निर्माणाधीन भवनों का काम जल्द पूरा करें। अन्य संसाधनों की उपलब्धता गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में हो। काम की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं होगा।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें