मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 से प्रभावित लोगों को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि इसके लिए धन की कमी नहीं होनी चाहिए और जिलों को इसके लिए अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि 25 लाख से कम जनसंख्या वाले जिलों को 3 करोड़ तथा 25 लाख से अधिक आबादी वाले जिलों को 5 करोड़ रुपये उपलब्ध कराएं।
मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। सीएम ने कहा कि जिला स्तर पर कोविड-19 की उपचार व्यवस्था को मजबूत करने में यह राशि खर्च होगी। जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी की कमेटी की संस्तुति पर यह राशि खर्च की जा सकेगी।
उन्होंने निर्देशित किया कि संक्रमित व्यक्ति को कोविड चिकित्सालय में बेड उपलब्ध होना चाहिए। एल-2 तथा एल-3 कोविड अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में बेड की व्यवस्था की जाए और वहां सीनियर डॉक्टरों द्वारा राउंड लिया जाए। इन चिकित्सालयों में ऑक्सीजन सहित सभी बुनियादी सुविधाएं व अस्पताल की श्रेणी के आधार पर वेंटिलेटर की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने होम आइसोलेशन के मरीजों की मॉनीटरिंग के लिए तकनीक का उपयोग करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कोविड-19 मरीजों को अस्तपाल पहुंचाने के लिए ‘108’ एम्बुलेंस सेवा की 50 प्रतिशत एंबुलेंस कोविड मरीजों के लिए उपयोग में लाने का निर्देश दिया है।
मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भेजने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने निदेशक एसजीपीजीआई को कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, बरेली, झांसी तथा गोरखपुर के मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन जिलों में कोविड-19 की उपचार व्यवस्था को बेहतर बनाने के विशेष प्रयास किए जाएं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के भ्रमण के दौरान संबंधित जिले के डीएम, सीएमओ व मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल, सीनियर फैकल्टी, कोविड अस्पतालों के प्रभारी डिप्टी सीएमओ तथा वेंटिलेटर संचालक उपस्थित रहेंगे।
लखनऊ में समन्वय के लिए अलग टीम बनेगी
मुख्यमंत्री ने लखनऊ में आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के लिए एक टीम के गठन का निर्देश दिया है। यह टीम कोविड चिकित्सालयों का भ्रमण कर इन अस्पतालों की चिकित्सा व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त करेगी तथा आवश्यकतानुसार अन्य प्रबन्ध भी सुनिश्चित कराएगी।
एसजीपीजीआई व केजीएमयू में कोविड मरीजों के लिए प्राइवेट रूम बनाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने एसजीपीजीआई तथा केजीएमयू में भर्ती कोविड मरीजों के लिए कुछ प्राईवेट रूम्स की व्यवस्था का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि इन दोनों चिकित्सा संस्थानों में कोविड-19 के उपचार के लिए कंफर्म कोविड रोगी ही भेजे जाएं। उन्होंने कहा है कि एसजीपीजीआई, केजीएमयू तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सा संस्थान में भर्ती कोविड रोगियों में से जिन्हें डायलिसिस की आवश्यकता हो, उन्हें यह सुविधा उपलब्ध कराई जाए।