मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि छोटे-छोटे व्यवसाइयों के साथ फुटपाथ पर ठेला, खोमचा, रेड़ी लगाने वालों के लिए सरकार जल्द नई पेंशन योजना लेकर आ रही है। उन्हें हर महीने एक निश्चित राशि पेंशन के रूप में दी जाएगी ताकि उनका परिवार कभी भूखा नहीं सोए। मुख्यमंत्री ने रविवार को शहीद पथ स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में भाजपा के सदस्यता अभियान में राजधानी के सैंकड़ों ई-रिक्शा चालकों को भाजपा की सदस्यता दिलाई।
ई-रिक्शा चालकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए ई-रिक्शा या इलेक्ट्रिक रिक्शा आज की आवश्यकता है और आने वाले समय की मुख्य सवारी है। ई-रिक्शा या इलेक्ट्रिक रिक्शा का उपयोग जितनी तेजी के साथ बढ़ेगा इससे पर्यावरण को लाभ होगा और समाज के बड़े तबके को आर्थिक स्वावलंबन भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पहली बार किसी सरकार ने असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले ई-रिक्शा चालकों के लिए सोचा है। ई-रिक्शा चालक भी प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना का लाभ उठा सकते है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद का कार्यक्रम शुरू किया। मोदी उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में आर्थिक स्वावलंबन लाकर भारत को आर्थिक महाशक्ति बनाने का लक्ष्य रखा है, इसमें काफी हद तक सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा ने पांच वर्ष में देश के जितने प्रदेशों में सरकार बनाई है, आजादी के बाद किसी भी दल की इतने कम समय में इतने प्रदेशों में सरकार नहीं बनी।
सदस्यता समारोह को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी जेपीएस राठौर, अवध क्षेत्र के अध्यक्ष सुरेश तिवारी ने भी संबोधित किया। समारोह में राज्यमंत्री स्वाति सिंह, महापौर संयुक्ता भाटिया, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, पुष्कर शुक्ला सहित, जी.डी.गोइनका संस्थान के चेयरमैन पुष्पेंद्र गोयल सहित अन्य लोग मौजूद थे।
पांच ई-रिक्शा चालकों को दिलाई सदस्यता
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूदा ई-रिक्शा चालकों से भाजपा के सदस्यता नंबर पर मिस्ड कॉल कराया। वहीं ई-रिक्शा चालक विशाल तिवारी, रशीद आलम, हरिराम यादव, गुड्डू चौरसिया और विनोद कुमार को भाजपा का पट्टा पहनाकर सदस्यता दिलाई।