मुख्यमंत्री ने कहा, कांग्रेस की सरकारें लूटती थीं। भारत का पैसा विदेशों में जमा किया। सपा-बसपा सरकार के नेता अपने परिवार और बंगलों, हवेलियों की चिंता में डूबे रहे। इन्होंने पिछड़ों के नाम पर अति पिछड़ों और दलितों के नाम पर अति दलितों का हक मारा। प्रदेश में 1645 गांव और कई जातियों को आजादी के बाद किसी योजना का लाभ नहीं मिला था। हमने इन्हें लाभ दिया।
कार्यक्रम को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान, पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम के अध्यक्ष बाबू राम निषाद, प्रदेश महामंत्री एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रभारी विजय बहादुर पाठक, सहप्रभारी ब्रज बहादुर, प्रदेश मंत्री धर्मवीर प्रजापति और विधायक ब्रजेश प्रजापति ने संबोधित किया।
संचालन प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ओमप्रकाश गोला ने किया। इस मौके पर प्रजापति समाज के प्रतिनिधियों ने भाजपा से संगठन और सरकार में प्रतिनिधित्व देने की मांग की। कहा, प्रजापति समाज भाजपा का परम्परागत वोट बैंक है, लेकिन आबादी की तुलना में उन्हें प्रतिनिधित्व नहीं मिला।
उप मुख्यमंत्री मौर्य ने मोदी रोको अभियान को पिछड़ा व दलित विरोधी करार दिया। साथ ही पिछड़ों और दलितों से 2014 और 2017 की तरह इस बार भी भाजपा के साथ खड़ा होने का आह्वान किया। कहा, 15 महीने में सरकार ने जितना काम कर दिया, उतना 15 साल में नहीं हुआ। लोकसभा चुनाव में मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने का सबसे बड़ी जिम्मेदारी पिछड़ी जातियों की है। राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनने की बात करते हैं लेकिन जो अमेठी व रायबरेली का विकास नहीं कर सके वे देश और प्रदेश का क्या कराएंगे।