आम उत्पादकों को सम्मानित करते सीएम योगी।
- फोटो : amar ujala
सीएम ने कहा कि प्रदेश के बागवान केवल 3:15 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में 58 लाख मीट्रिक टन आम का उत्पादन करते हैं। देश के कुल आम उत्पादन का 25 से 30 प्रतिशत आम अकेले यूपी में होता है। पिछले वर्ष उद्यान विभाग की टीम मास्को गई थी। इसमें लखनऊ और अमरोहा के किसान गए थे। वहां पर टीम ने आम महोत्सव का आयोजन किया था, जिसमें किसानों को आर्डर भी मिला था। हम केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश के किसानों के लिए सहारनपुर, अमरोहा, लखनऊ और वाराणसी में चार पैक हाउस बनाए हैं। हमें दुनिया के बाजार में छा जाना है।
सीएम ने इन लोगों को किया सम्मानित
लखनऊ से किसान उपेंद्र कुमार सिंह, बाराबंकी से लाल जी वर्मा, अजय सिंह प्रतापगढ़ से, संजय कुमार सिंह वाराणसी से, कृष्ण पाल सिंह बहराइच से, लखनऊ से आशीष कुमार द्विवेदी, करुण गुरेजा सहारनपुर से, केदार नाथ त्यागी बुलंदशहर, गोरखपुर से भगवान दास, खलीक उजवा बुलंदशहर से, अनीता सती लखनऊ से, राम नारायण सिंह लखनऊ से, कलीमुद्दीन अमरोहा से, ईशान सैनी अमरोहा से, डा. कृष्णा एल्ला भारत बायोटेक के चेयरपर्सन को सीएम ने प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह देकर व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
किसानों का सहयोग करना है, पैसा नहीं कमाना
भारत बायोटेक के चेयरपर्सन पद्मभूषण डा. कृष्णा एल्ला ने कहा कि कोवैक्सिन पैसा कमाने के लिए नहीं देश के लिए बनाई थी। हम वेटनरी वैक्सीन पर भी काम कर रहे हैं जो जल्द आएगी। किसान सबसे बड़ा एंटरप्रेन्योर है, वह काफी रिस्क लेता है। यूएस में आम की काफी बड़ी बाजार है। किसान इसकी क्वालिटी बढ़ाएं। हमारे यहां बहुत कुछ ऐसा है कि हम उसे निर्यात कर सकते हैं। मुझे पैसा नहीं कमाना है, किसानों का सहयोग करना है।
इंटीग्रेटेड टेस्टिंग पार्क की स्थापना जल्द
कार्यक्रम में उद्यान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने का प्रयास सरकार कर रही है। सीएम बोले हैं, मंत्री जी को यूक्रेन भेजना है। हमारा आम पिछले साल मास्को गया है। विदेशों जैसी गुणवत्ता हमारी उपज में हो। इसके लिए काम कर रहे हैं। जेवर के पास इंटीग्रेटेड टेस्टिंग पार्क की स्थापना जल्द होगी। जो काफी उपयोगी होगा। वहीं मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि यूपी कृषि के लिए प्रदेश नहीं देश में पावर हाउस है। लखनऊ से दशहरी अमेरिका भेजा गया है। वहां 900 रुपए किलो बिका है। एक्सपोर्ट के लिए अच्छी क्वालिटी के उत्पाद की जरूरत है।
एग्जॉटिक आम भेंट कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते नेशनल अवॉर्ड विनर एस सी शुक्ला एवं उमा शुक्ला
- फोटो : amar ujala
अवध शिल्पग्राम में तीन दिवसीय महोत्सव में एस सी शुक्ला द्वारा 250 प्रजातियों के देसी विदेशी आमों को प्रदर्शित किया गया है जो एक आम उत्पादक द्वारा उत्तर प्रदेश में अब तक का एक रिकॉर्ड है। उन्हें इस महोत्सव में सर्वाधिक आम प्रदर्शनकर्ता घोषित किया गया है।
पिछले कई वर्षों से उन्हें यह उपाधि प्राप्त है। उन्हें अब तक का सर्वश्रेष्ठ आम प्रदर्शन कर्ता, सर्वाधिक रंगीन प्रजातियों के आम उत्पादक और उत्तर प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ आम उत्पादक के लिए मुख्यमंत्री सम्मानित कर चुके हैं। इसके अलावा उन्हें गुजरात, हरियाणा दिल्ली और उड़ीसा सरकार भी सम्मानित कर चुकी है। शुक्ला द्वारा हर्टी टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए 350 प्रजातियों के आमों का एक आम उद्यान भी शहर में स्थापित किया गया है।