आम जनता तक सरकार की पहुंच बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सांसदों व विधायकों को जरिया बनाएंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री ने सप्ताह में तीन दिन जनप्रतिनिधियों से एक घंटे तक मुलाकात करने का दिन, समय व स्थान तय कर दिया है।
इसके तहत मुख्यमंत्री हर शुक्रवार को जहां सांसदों से मुलाकात करेंगे, वहीं हर सोमवार व बृहस्पतिवार को उन्होंने विधायकों से भेंट करने का दिन रखा है। शाम 4 से 5 बजे तक होने वाली यह मुलाकात शास्त्री भवन स्थित सीएम कार्यालय में होगी। हालांकि सीएम ने जनप्रतिनिधियों से यह भी अनुरोध किया है कि अपने साथ वह किसी अन्य व्यक्ति को साथ न लाएं।
इस सबंध में मुख्यमंत्री ने सोमवार को सूबे केसभी सांसदों व विधायकों को पत्र लिखकर मुलाकात केलिए तय किए गए दिन, समय व स्थान का जानकारी दी है। उन्होंने पत्र में यह भी लिखा है कि जनता से होने वाली मुलाकातों में यह बात सामने आई है कि उन्हें जनप्रतिनिधियों से काफी अपेक्षाएं होती हैं और उनके बहुत से ऐसे कार्य होते हैं, जिनपर कार्रवाई शासन स्तर से ही संभव है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों से मुलाकात से दौरान ऐसे मामलों पर चर्चा करके उसे सुलझाने में आसानी होगी।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में यह भी लिखा है कि जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए व जनप्रतिनिधियों केसमय का सदुपयोग करने के उद्देश्य से ही उनसे मुलाकात का कार्यक्रम तय किया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि सांसदों व विधायकों के जरिए जनता की समस्याओं की अधिक से अधिक जानकारी उन तक पहुंच पाएगी और उसका निस्तारण हो सकेगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी अपील की है कि वह मुलाकात के लिए जनोपयोगी सुझाव भी दें ताकि प्रदेश सरकार उस दिशा में काम कर सके।