फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Election Result: जीत से उत्साहित योगी बोले- नरेंद्र मोदी जैसा नेता होता है तो ऐसा प्रचंड बहुमत ही हासिल होता है

Thu, 10 Mar 2022 07:51 PM IST
ishwar ashish अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

सार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है। उत्तर प्रदेश पर विशेष रूप से पूरे देश और दुनिया की निगाहें थी। आज जनता ने साजिश रचने वालों की बोलती बंद कर दी है।
विज्ञापन
भाजपा मुख्यालय में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यूपी विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत के साथ इतिहास रचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता-जनार्दन का अभिनन्दन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि उत्तर प्रदेश की जनता ने परिवारवाद, जातिवाद और वंशवाद को तिलांजलि देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोककल्याणकारी नीतियों पर भरोसा जताया है। यह प्रचंड बहुमत भाजपा के राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन के मॉडल को उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता का आशीर्वाद है। इस आशीर्वाद को स्वीकार करते हुए हम लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास को आगे बढ़ाएंगे।

विज्ञापन


पार्टी के राज्य मुख्यालय पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश के साथ-साथ गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर खुशी भी जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चार राज्यों में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनने जा रही है। इन चार राज्यों में प्रधानमंत्री के विकास और सुशासन को जनता ने फिर से आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि जब मोदी जैसा नेता होता है तो ऐसा प्रचंड बहुमत हासिल होता है। हमारा सौभाग्य है कि हमें दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी का नेतृत्व और मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। सीएम ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश एक बार फिर नंबर वन बनेगा। अबीर-गुलाल उड़ा रहे उत्साह से लबरेज कार्यकर्ताओं की मेहनत की भी सीएम ने सराहना की।

जय श्रीराम, वंदेमातरम और भारत माता की जय के जोशीले नारों के बीच सीएम ने कहा कि इस प्रचंड जीत ने हम सबको बड़ी जिम्मेदारी दी है। हमें जोश के साथ होश भी बनाये रखना होगा। जन मानस की अपेक्षाओं के अनुरूप खुद को साबित करना होगा। उन्होंने प्रचंड जीत के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का अभिनन्दन भी किया।
विज्ञापन


सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है। उत्तर प्रदेश पर विशेष रूप से पूरे देश और दुनिया की निगाहें थी। पहली बार 07 चरणों में हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा के चुनाव शांति पूर्ण तरीके से संपन्न हुए। मतगणना के बारे में जो भ्रामक प्रचार पिछले दो-तीन दिनों से चलाए जा रहे थे। उत्तर प्रदेश की जनता की ताकत ने उस भ्रामक प्रचार को झुठलाते हुए भाजपा को विजयी बनाया है। सीएम ने कहा कि कोरोना काल में भी प्रधानमंत्री जी का बिना रुके और बिना थके मार्गदर्शन मिलता रहा। 15 करोड़ लोगों को कोरोना काल में घर तक राशन भेजा गया। 45 लाख गरीबों के घर बनाये गए, 1.45 करोड़ घरों में बिजली पहुंचाई गई, 10 करोड़ लोगों को 05 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की गारंटी मिली है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब हम कोरोना और भ्रष्टाचार से लड़ रहे थे तो कुछ लोग भाजपा के खिलाफ साजिश रचने का कार्य कर रहे थे। आज जनता ने जनादेश से सभी को सबक सिखा दिया है। सबकी बोलती बंद कर दी है।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें