उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी के योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए तैयार हैं। विधानसभा चुनाव 2022 में भारी जीत की ओर बढ़ रही भाजपा के प्रशंसकों की खुशी सातवें आसमान पर है। लखनऊ में नौ विधानसभा सीटे हैं। यहां भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला है।
लखनऊ में बख्शी का तालाब, लखनऊ पश्चिम, लखनऊ पूर्व, लखनऊ उत्तरी, लखनऊ कैंट, लखनऊ मध्य, मलिहाबाद, मोहनलाल गंज और सरोजिनी नगर सीटों पर लोगों ने मतदान किया है। यहां चौथे चरण में 23 फरवरी को वोट डाले गए थे।
किस सीट पर कौन आगे-कौन पीछे:
बख्शी का तालाब: भारतीय जनता पार्टी के योगेश शुक्ला इस सीट पर आगे चल रहे हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी के गोमती यादव पर 15 हजार से ज्यादा वोटों की बढ़त बना रखी है।
लखनऊ पश्चिम: इस सीट पर समाजवादी पार्टी पीछे चल रही है। भारतीय जनता पार्टी के अंजनी कुमार श्रीवास्तव आगे चल रहे हैं। उन्होंने सपा के अरमान खान पर लगातार बढ़त बना रखी है। अंजनी कुमार श्रीवास्तव करीब 4800 वोटों से आगे चल रहे हैं।
लखनऊ पूर्व: इस सीट पर भी भारतीय जनता पार्टी आगे चल रही है। आशुतोष टंडन समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अनुराग सिंह भदौरिया के खिलाफ 38 हजार से ज्यादा वोटों से आगे हैं।
लखनऊ उत्तरी: यहां समाजवादी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर बढ़त बना रखी है। डॉक्टर नीरज बोरा के खिलाफ पूजा शुक्ला चार हजार वोटों से आगे हैं।
लखनऊ कैंट: यहां से समाजवादी पार्टी को हार मिली है। भारतीय जनता पार्टी के ब्रजेश पाठक ने 39512 वोटों से जीत हासिल की। उन्होंने सपा के सुरेंद्र सिंह गांधी को हराया।
लखनऊ मध्य: भारतीय जनता पार्टी इस सीट पर पीछे चल रही है। समाजवादी पार्टी के रविदास मेहरोत्रा करीब 15 हजार वोटों से आगे हैं। उनके बाद दूसरे नंबर पर भाजपा के रजनीश कुमार गुप्ता हैं।
मलिहाबाद: भारतीय जनता पार्टी की जय देवी ने इस सीट पर जीत हासिल की। उन्होंने समाजवादी पार्टी के सुरेंद्र कुमार को हराया। जय देवी 7745 वोटों से जीतीं।
मोहनलाल गंज: यहां से भी भारतीय जनता पार्टी आगे है। भाजपा के अमरेश कुमार ने समाजवादी पार्टी की सुशील सरोज के खिलाफ करीब 7100 वोटों से आगे हैं।
सरोजिनी नगर: इस सीट पर भी भारतीय जनता पार्टी आगे है। राजेश्वर सिंह समाजवादी पार्टी के अभिषेक मिश्रा के खिलाफ आगे चल रहे हैं। उन्होंने करीब 26 हजार वोटों की बढ़त बना रखी है।