भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले वापमंथी विचारधारा के सभी अलगाववादियों ने प्रदेश में डेरा डाल लिया है। वह प्रदेश में क्षेत्रवाद, जातिवाद व साम्प्रदायिकता का जहर घोलने के लिए आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश की जनता को गुमराह करने के लिए हथकंडे अपना रहे हैं। ये विघटनकारी शक्तियां देश, देशभक्तों तथा भारतीय संस्कृति तथा संस्कारों को अपमानित करने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के भविष्य और खुशहाली के लिए इन तत्वों से डटकर मुकाबला करना है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार सुरक्षा की गारंटी है। आज किसी की हिम्मत नहीं जो किसी के प्लाट या मकान पर कब्जा कर ले या बहन बेटी की तरफ आंख उठाकर देख ले।
रोजा इफ्तार करने वाले जनेऊ दिखाने का ढोंग कर रहे है : केशव
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा में अनंत संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को बयानवीरों से सावधान रहना होगा, विपक्षी नेताओं की उनकी जमीन खिसक चुकी है। उन्होंने कहा कि रोजा इफ्तार करने वाले जनेऊ दिखाने का ढोंग कर रहे हैं। कहा कि मैं समाज का कभी शीश झुकने नहीं दूंगा। समाज का हमेशा भला करने का प्रयास करता रहूंगा। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा-कांग्रेस की तिकड़ी को जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है और जनता जनता भाजपा के साथ है जबकि विपक्षी दलों के साथ अपराधी और गुंडे हैं।
संघमित्रा को रोकने पर नाराज हुए समर्थक
बदायूं की भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य को भाषण के दौरान रोकने पर उनके समर्थकों ने नाराज होकर हंगामा शुरू कर दिया। हुआ यूं कि संघमित्रा ने भाषण के दौरान बसपा की संगठनात्मक व्यवस्था से जुड़े कुछ शब्दों का उपयोग किया। सम्मेलन में इसको लेकर खुसर पुसर शुरू होने के बाद मंचासीन पदाधिकारियों ने पर्ची लिखकर संघमित्रा को भाषण समाप्त कर बैठने को कहा। पर्ची मिलने पर संघमित्रा भाषण समाप्त कर बैठ गई तो उनके समर्थक नाराज हो गए।