मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ लोग सूबे का माहौल खराब करना चाहते हैं। विकास के मुद्दे पर उन्हें सपा सरकार को घेरने का मौका नहीं मिल रहा तो अफवाहें फैला रहे हैं। उनका इशारा भाजपा की तरफ था।
उन्होंने कहा कि लखनऊ और गाजियाबाद समेत तमाम जगहों पर माहौल खराब करने की कोशिशें की गईं, लेकिन जांच में मामला कुछ और ही निकला।
मुख्यमंत्री रविवार को छतर मंजिल में यूपी पर्यटन दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने भाजपाइयों पर निशाना साधते हुए कहा कि एक दिन पहले इस कार्यक्रम में भी बाधा उत्पन्न करने की कोशिश की गई।
कुछ लोग मशहूर गजल गायक गुलाम अली को भी शहर में आने से रोकना चाहते थे। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन दिया है, जिससे दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम अब लखनऊ में होने लगे हैं।
मेट्रो प्रोजेक्ट पूरे देश के लिए बनेगा उदाहरण
सीएम ने कहा कि सरकार ढांचागत सुविधाएं बेहतर करने, यूपी आने वालों में भरोसा पैदा करने और टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे नवंबर में शुरू हो जाएगा।
डॉ. नरेश त्रेहन प्रदेश में एक हजार बेड का अस्पताल लेकर आ रहे हैं तो सरकार भी उतने ही बेड का अस्पताल दे रही है। यूपी में मेट्रो रेल प्रोजेक्ट जितने कम समय में पूरा होगा, वह पूरे देश के लिए उदाहरण बनेगा। एचसीएल लखनऊ में निवेश कर रहा है। लखनऊ और कानपुर में अमूल दूध के प्लांट जल्द ही शुरू हो जाएंगे। इन्फोसिस भी यहां विश्वविद्यालय खोलेगा।
पांचवें बजट में गांवों को शहरों से जोड़ने का किया काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने अपने पांचवें बजट में गांवों को शहरों से जोड़ने का काम किया है। हमने हर क्षेत्र में काम किया है। इसी का नतीजा है कि यूपी की ग्रोथ दो अंकों में पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि पिछले साल 14 फरवरी को आगरा गया था, उसी दिन सोच लिया था कि वेलेंटाइन डे यूपी में पर्यटन दिवस के तौर पर भी मनाया जाएगा।
गोमती रिवर फ्रंट पर होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने कहा कि छतर मंजिल में वाहनों का शोर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में व्यवधान पैदा करता है। इसलिए गोमती रिवर फ्रंट पर इन कार्यक्रमों के लिए जगह मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को इसके लिए प्लान तैयार करने को कहा।
नई पर्यटन नीति लॉन्च
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पर्यटन नीति-2015 लॉन्च की। उन्होंने नेचर वॉक, कल्चर गाइड और टूरिज्म कैलेंडर का भी विमोचन किया।
देश में घटे, यूपी में बढ़े पर्यटक
पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि देश में पर्यटकों की संख्या घटी है, लेकिन उत्तर प्रदेश में बढ़ी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से जनेश्वर मिश्र पार्क में लखनऊ की तहजीब को दर्शाने वाली चीजें भी शामिल करवाने का अनुरोध किया।
प्रमुख सचिव पर्यटन नवनीत सहगल ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। यस बैंक के कंट्री हेड निखिल साहनी ने पर्यटन नीति की विशेषताएं बताईं।