सरकारी कार्यक्रमों व समारोहों में अतिथियों को बड़े-बड़े बुके (पुष्प गुच्छ) भेंट करने पर सरकार ने एतराज जताया है। शासन ने सभी आला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सरकारी कार्यक्रमों व समारोहों में बुके के स्थान पर अतिथियों को पुस्तकें या एक फूल भेंट किया जाए।
प्रमुख सचिव सूचना अवनीश अवस्थी ने सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों व सचिवों को भेजे गए पत्र में कहा है कि आमतौर पर देखने में आता है कि सरकारी कार्यक्रमों व समारोहों में अतिथियों को बड़े-बड़े बुके भेंट किए जाते हैं, जिसमें काफी मात्रा में फूलों का इस्तेमाल होता है। उन्होंने कहा है कि सरकार ने इस संबंध में निर्देश दिए हैं कि सरकारी कार्यक्रमों व समारोहों में अतिथियों को बड़े बुके के स्थान पर प्रेरणादायी पुस्तकें या एक फूल ही भेंट किया जाए।