दिवाली में पटाखों से होने वाले वायु प्रदूषण को देखते हुए गृह विभाग ने शुक्रवार को पटाखा बिक्री के लिए नई गाइड लाइन जारी की है। इसके मुताबिक इस बार पिछले साल की तुलना में अस्थाई लाइसेंसों की संख्या आधी कर दी गई है। इस साल 50 फीसदी कम लाइसेंस दिए जाएंगे।
साथ ही चीनी समेत अन्य इम्पोर्टेड पटाखे की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। एनसीआर क्षेत्र में आने वाले गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बागपत, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर व मुजफ्फरनगर में दिवाली पर आतिशबाजी की वजह से बढ़ते प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी।
इस पर कोर्ट ने पटाखों की बिक्री कम करने का निर्देश दिया है। इसे देखते हुए गृह सचिव ने एनसीआर सात जिलों समेत पूरे प्रदेश में पटाखे के लाइसेंस की संख्या आधी करने को कहा है। गृह सचिव भगवान स्वरूप के अनुसार आने वाले समय में इसमें और कमी की जाएगी।