अवंतीबाई महिला चिकित्सालय (डफरिन) में एक प्रसूता ने डॉक्टर और नर्स पर उनके नवजात शिशु को बदलने का आरोप लगाया।
महिला का कहना था कि शनिवार रात को उसने पुत्र को जन्म दिया था लेकिन लेबर रूम में उसे बच्ची दे दी गई। हंगामें की जानकारी पर अस्पताल की सीएमएस और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद परिजन शांत हो गए।
सिदार्थनगर निवासी श्याम सुन्दर ने अपनी पत्नी कुसुम को डफरिन अस्पताल में प्रसव केलिए भर्ती कराया था। श्याम सुंदर ने दावा किया कि उसकी पत्नी ने शनिवार की रात सामान्य प्रसव से पुत्र को जन्म दिया था।
लगभग आधा घंटे बाद उसकी पत्नी को पुत्री का जन्म होने की की जानकारी देते हुए पत्नी के पास लिटा दिया गया। उसने कहा कि पत्नी कुसुम होश में थी, जबकि डॉक्टर व ओटी स्टाफ उसे बेहोश समझ रहे थे।
श्याम सुंदर ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन ने उसके पुत्र को बदल कर लड़की सौंप दी है। इसी बीच हंगामें की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस, सीएमएस डॉ.सुबोध वैद्य व प्रसव कराने वाली चिकित्सिका भी पहुंच गई।
मौके पर मौजूद पुलिस ने प्रसूता से पूछताछ की तो उसने अपने बयान बदल दिए। उसने कहा कि लड़का नहीं लड़की को ही जन्म दिया था।
प्रसूता कुसुम ने कहा कि पति को समझने में चूक हुई है। इसी गलत फहमी के कारण उन्होंने आरोप लगाया। सीएमएस डॉ. वैध ने कहा कि गलतफहमी के चलते ऐसा हुआ था। अब किसी को कोई दिक्कत नहीं है।