कानपुर के ग्वालटोली में शोहदों से तंग आकर और बेटी की आबरू बचाने के लिए एक दंपति चौंकाने वाला कदम उठाया। उन्होंने महज 13 साल की उम्र में बेटी का बाल विवाह करने की कोशिश की। शुक्रवार को शादी हो रही थी तभी पुलिस पहुंच गई और शादी रुकवा दी।
पुलिस ने दंपति को हिरासत में लिया है। परमट मंदिर के पास रहने वाले दंपति संजू और अंजना होटल में वेटर हैं। घर में बेटी पायल (13) और दो बेटे रवि, सोनू हैं।
संजू ने बेटी पायल का विवाह उससे दस साल बड़े युवक गोविंद नगर निवासी संदीप (23) से तय कर दिया। शुक्रवार को लखनऊ फाटक स्थित जोखी राम धर्मशाला से शादी थी। सारी तैयारियां हो गई थीं।
इसी बीच एक पड़ोसी ने पुलिस को सूचना दे दी। एसएसपी शलभ माथुर ने पुलिस को गेस्टहाउस भेजकर शादी रुकवा दी। पुलिस ने शादी रुकवाने के साथ ही वधू और उसके माता-पिता को हिरासत में लिया।
पूछताछ में परिजनों ने बताया कि मोहल्ला ठीक नहीं है। आए दिन बहू-बेटियों के साथ छेड़खानी और अन्य घटनाएं आम हैं। जमाना खराब है। नौकरी करने के लिए बच्चों को अकेला घर में छोड़कर जाना पड़ता है।
डर लगता है किसी दिन बेटी के साथ कुछ हो गया तो। यह कहते हुए दंपति पुलिसवालों के हाथ जोड़कर फफक पड़े। उधर, ग्वालटोली एसओ शाहिद सिद्दीकी ने कहा कि बाल विवाह हुआ नहीं है। इसलिए परिजनों को हिदायत देकर छोड़ दिया गया। मोहल्ले में शोहदों पर लगाम कसने के लिए इंतजाम किए जाएंगे।